जयपुरः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए आखिरकार कमरा तय कर दिया गया है। पार्टी कार्यालय के कमरा नंबर 5 के बाहर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम की नेम प्लेट भी लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री इस कमरे में बैठकर नई शुरुआत कर सकते हैं।
पहले वसुंधरा के लिए था कमरा
यह वही कमरा है, जो पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए निर्धारित था। प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए भी वसुंधरा राजे इसी कमरे में बैठती थीं। हालांकि, अब तक पार्टी कार्यालय में मुख्यमंत्री के लिए कोई स्थायी कमरा तय नहीं था।
कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बेहतर होगा
बीजेपी प्रदेश कार्यालय के प्रभारी मुकेश पारीक ने बताया कि मुख्यमंत्री को कई बार पार्टी नेताओं के साथ वन-टू-वन संवाद करना होता है। ऐसे में यह कमरा संवाद के लिए उपयोगी साबित होगा। पार्टी नेताओं का मानना है कि संगठन कार्यालय में मुख्यमंत्री का कमरा होने से कार्यकर्ताओं को भी सुविधा मिलेगी, और संगठन और सरकार के बीच समन्वय बेहतर होगा।