लखनऊ : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया। चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई खैरिघाट क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी के दौरान की गई।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 हजार 500 रुपये के जाली नोट बरामद हुए हैं, जिनमें 500 रुपये के कई नोट शामिल हैं। इसके साथ ही नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल किया जाने वाला एक रंगीन प्रिंटर भी जब्त किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार करते थे और उन्हें बाजार में चलाते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान गुरुचरण सिंह उर्फ विजय, सलीम उर्फ सूरज, हरिराम लोधी और अर्जुन के रूप में हुई है।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।