अमरावती : आंध्र प्रदेश के माचेरला शहर में एक 22 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिवार की इच्छा के खिलाफ शादी करने पर उसकी हत्या कर दी गई। मामले को आत्महत्या बताने की कोशिश भी की गई लेकिन जांच में सच्चाई सामने आ गई।
जानकारी के अनुसार युवती चौदेश्वरी का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। इसके बाद 4 मार्च को युवती घर छोड़कर अपने प्रेमी से विवाह कर लिया। इस पर परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान माचेरला के एक सर्किल निरीक्षक ने युवती और उसके पति को खोज निकाला। 15 मार्च को युवती को जबरन उसके मायके भेज दिया गया। आरोप है कि घर भेजने से पहले पुलिस अधिकारी ने उसे धमकी भी दी थी।
तीन दिन बाद युवती का शव उसके घर से बरामद हुआ। शुरुआत में परिवार ने इसे आत्महत्या बताया लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उसकी हत्या की गई थी। जांच में पता चला कि सोते समय उसका मुंह दबाकर उसकी जान ली गई।
इसके बाद पुलिस ने युवती के पिता चंद्रश्रीनु और एक अन्य रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि परिवार ने गुस्से में आकर यह कदम उठाया।
मामला यहीं नहीं रुका। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि एक पुलिस अधिकारी ने इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश की। आरोप है कि उसने परिवार को बचाने के लिए मदद की और इसके बदले रिश्वत भी ली।
पुलिस अब उस अधिकारी के बैंक खाते की जांच कर रही है। यह भी पता चला है कि युवती की मौत के बाद परिवार ने बैंक से बड़ी रकम निकाली थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि इन दोनों बातों का आपस में कोई संबंध है या नहीं।
फिलहाल आरोपी पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ रिश्वत लेने और सबूत मिटाने की कोशिश के आरोप में कार्रवाई की जा रही है।