🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

नितिन नवीन का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा-"पूर्वोत्तर के साथ विश्वासघात किया गया”

पूर्वोत्तर को लेकर भाजेपी vs कांग्रेस की सियासी जंग तेज, नितिन नवीन ने गिनाए विकास कार्य

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 04, 2026 19:55 IST

रामकृष्ण नगर/ लखीपुर: असम की राजनीति इन दिनों चुनावी माहौल के चलते काफी गरमाई हुई है। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक पूर्वोत्तर के लोगों की भावनाओं के साथ न्याय नहीं किया और क्षेत्र को विकास से वंचित रखा। उनके मुताबिक भाजपा की सरकारों ने पहली बार पूर्वोत्तर और देश के बाकी हिस्सों के बीच की दूरी कम करने का काम किया है।

कछार जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बराक घाटी को वोट बैंक की राजनीति के कारण अपराध का केंद्र बना दिया गया था। उनका दावा था कि इसी वजह से लोगों ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया।

लखीपुर क्षेत्र में प्रचार के दौरान नितिन नवीन ने विपक्ष से सवाल किया कि वे पिछले दशक के कामों पर सवाल उठाते हैं, लेकिन अपने 70 साल के शासन का हिसाब नहीं देते। उन्होंने कहा कि पहले पूर्वोत्तर के लोग खुद को देश से अलग महसूस करते थे, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और विकास हर इलाके तक पहुंच रहा है।

उन्होंने इस बदलाव का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को देते हुए कहा कि आज पूर्वोत्तर में भी देश के अन्य हिस्सों जैसा विकास नजर आता है। नवीन ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जनधन योजना के जरिए गरीबों तक सीधे लाभ पहुंचा है और भ्रष्टाचार में कमी आई है।

उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि भाजपा फिर चुनाव जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में बदलाव लाना है।

श्रीभूमि जिले में एक अन्य सभा में उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस सरकारों ने बराक घाटी के साथ भेदभाव किया और वहां की स्थिति को खराब होने दिया। उन्होंने कहा कि पहले इस इलाके तक पहुंचना मुश्किल था, लेकिन अब सड़क और बुनियादी ढांचे में काफी सुधार हुआ है।

साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समय तुष्टिकरण की राजनीति अपने चरम पर थी, जबकि मौजूदा सरकार ‘विरासत और विकास’ दोनों को साथ लेकर चल रही है।

नवीन ने कहा कि अब कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है और अपराधियों में डर का माहौल है। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।

Articles you may like: