पटना : देश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मुस्लिम संगठन भारत को इस्लामिक देश बनाना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि ऐसा कभी संभव नहीं है।
गिरिराज सिंह ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि “वन नेशन, वन लॉ” और UCC जैसे कानून प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में पूरे देश में लागू होंगे। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
असम चुनाव में भी UCC मुद्दा
इस बयान के पीछे असम चुनाव भी एक बड़ी वजह मानी जा रही है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने चुनावी घोषणापत्र में UCC लागू करने का वादा किया है। पार्टी का कहना है कि सत्ता में वापसी होने पर यह कानून लागू किया जाएगा।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी इस मुद्दे पर अपनी स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि राज्य में UCC लागू किया जाएगा, लेकिन संविधान की छठी अनुसूची और जनजातीय क्षेत्रों को इससे बाहर रखा जाएगा।
चुनावी मुकाबला और रणनीति
असम में 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 मई को होगी। यहां मुकाबला सत्तारूढ़ एनडीए और कांग्रेस के बीच है। बीजेपी इस चुनाव में असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के साथ मैदान में है। एनडीए लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहा है। वहीं कांग्रेस सत्ता में वापसी की तैयारी में है।
बयान से बढ़ी सियासी हलचल
गिरिराज सिंह के बयान के बाद UCC फिर से राष्ट्रीय बहस का केंद्र बन गया है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और जोर पकड़ सकता है।