हैदराबाद : तेलंगाना के वारंगल में एक चौंकाने वाली खबर सामने आयी है, जिसमें पति पर अपनी गर्भवती पत्नी और दो बेटियों की पानी में डूबाकर हत्या करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आजहारुद्दीन अपनी पत्नी फरहत (26) और बेटियों उमेरा (8) व आयेशा (6) पर लगातार दबाव डाल रहा था ताकि गर्भपात कराया जाए। उसका मकसद था कि उनका तीसरा बच्चा बेटा हो। जब फरहत इस दबाव के आगे नहीं झुकी, तो कथित तौर पर उसने पत्नी और दोनों बेटियों को घर के स्विमिंग पूल में डुबोकर मार डाला।
पुलिस को कुछ दिन पहले यह सूचना मिली कि वारंगल में एक गर्भवती महिला और दो नाबालिग लड़कियों की मौत हुई है। प्रारंभ में इस मामले को दुर्घटना माना लिया गया था। लेकिन जांच में कई संदेहास्पद तथ्य सामने आए।
जानकारी के अनुसार बुधवार को फरहत और उसकी बेटियां परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूल पर गई थीं। कुछ समय बाद उन्हें पानी में तैरते हुए देखा गया। परिवार ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आजहारुद्दीन ने शुरू में पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी और बेटियां अचानक पूल में गिर गईं, लेकिन जांच में उसकी बातों में कई विरोधाभास पाए गए।
आजहारुद्दीन और फरहत का प्रेम संबंध था, बाद में उन्होंने शादी की। उनकी पहली दो संतानें बेटियां थीं। गर्भावस्था के दौरान जांच में पता चला कि तीसरी संतान भी लड़की होगी, इसके बाद आरोपी ने उन्हें गर्भपात कराने के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के फोन लोकेशन और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में सामने आया कि घटना के समय कैमरे बंद कर दिए गए थे, जो संदिग्धता को और बढ़ाता है। फरहत के पिता ने भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
आजहारुद्दीन को गिरफ्तार कर विशेष टीम के द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।