🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कुशीनगरः दोस्त के घर डिनर के बाद बिगड़ी युवक की तबीयत, अस्पताल में मृत घोषित, परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल

ऐसा क्या हुआ कि रास्ते में गिरकर दम तोड़ दिया? परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की

By डॉ. अभिज्ञात

Apr 04, 2026 19:25 IST

कुशीनगरः उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की एक शांत रात अचानक रहस्य और डर में बदल गई। गौरी शुक्ला गांव का रहने वाला 25 साल का जाकिर शुक्रवार की शाम अपने दोस्त ओम सिंह के घर गया था। सब कुछ सामान्य था-दोस्त के साथ खाना और बातचीत। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात उसकी जिंदगी की आखिरी शाम साबित होगी।

रात करीब 9 बजे जाकिर अपने घर लौट रहा था। रास्ता वही था, गांव वही था, लेकिन अचानक कुछ ऐसा हुआ जिसने सब कुछ बदल दिया। चलते-चलते वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घबराकर उसे उठाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

लेकिन अस्पताल में जो हुआ, उसने सबको सन्न कर दिया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों की आंखों में सिर्फ आंसू ही नहीं, बल्कि कई सवाल भी थे। आखिर एक स्वस्थ युवक अचानक कैसे मर सकता है? डॉक्टरों को भी हालात सामान्य नहीं लगे, इसलिए उन्होंने शव को पुलिस के हवाले कर दिया। जाकिर के चाचा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए साफ कहा-“यह सिर्फ मौत नहीं, इसके पीछे कुछ और है।” उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की और साजिश की आशंका जताई।

अब पुलिस के सामने कई सवाल हैं-क्या यह अचानक हुई मौत है या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है? थाना प्रभारी दिनेश कुमार के मुताबिक सच्चाई का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। कुशीनगर की इस घटना ने पूरे इलाके में डर और शक का माहौल पैदा कर दिया है… और अब सबकी नजर एक रिपोर्ट पर टिकी है-जो इस रहस्य से पर्दा उठा सकती है।

Articles you may like: