इस्लामाबाद : पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत के खिलाफ एक बार फिर धमकी दी है। उन्होंने कहा कि संभावित हमले केवल भारत-पाक सीमा तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पाकिस्तान की योजना भारत के अंदरूनी क्षेत्रों, यहां तक कि कोलकाता तक हमले फैलाने की भी है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का दावा है कि भारत पिछले अनुभवों की तरह अब भी अपने ही लोगों या कैद में रहे पाकिस्तानी नागरिकों के शवों को कहीं फेंककर साजिश कर सकता है और इसे आतंकवादी गतिविधि बताने की कोशिश करेगा।
ख्वाजा आसिफ का कहना है कि अगर भारत ऐसा कोई नकली या दिखावटी नाटक करेगा, तो पाकिस्तान इसका जवाब इतना गहरा देगा कि इस युद्ध को कोलकाता तक भी ले जाया जा सकता है।
पिछले साल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले में 26 निर्दोष नागरिक मारे गए थे। इसके बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू कर आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया था। पाकिस्तान ने इसे पलटवार मानते हुए सीमा पार की बस्तियों और धार्मिक स्थलों को टार्गेट करने की धमकी दी।
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि ऑपरेशन सिंदूर अभी बंद नहीं हुआ है और यदि कोई नापाक या दुस्साहसिक कदम उठाया गया तो उसका परिणाम गंभीर होगा। इसके तुरंत बाद ही पाकिस्तान की तरफ से फिर से धमकी दी गई।
ख्वाजा आसिफ ने कहा कि इस बार हमले केवल सीमा से 200 से 250 किलोमीटर के क्षेत्र तक नहीं रहेंगे, बल्कि भारत के गहरे इलाकों तक फैल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई, दिल्ली और पूर्वी भारत तक हमले का खतरा हो सकता है।
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए विशेष रूप से कोलकाता का नाम भी लिया और वहां संभावित हमले की चेतावनी दी।