कोलकाता के पूर्व पुलिस कमिश्नर (CP) सुप्रतीम सरकार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बतौर ऑब्जर्वर भेजा गया। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद ही उन्हें कोलकाता के CP के पद से हटा दिया गया था। अब उन्हें तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बतौर ऑब्जर्वर भेजने की घोषणा की गयी है। उन्हें तिरुनेलवेली जिले में बतौर ऑब्जर्वर भेजा जा रहा है। इस बाबत चुनाव आयोग ने विज्ञप्ति भी जारी कर दी है।
कौन से विधानसभा केंद्रों की जिम्मेदारी संभालेंगे?
* तिरुनेलवेली
* अम्बासमुद्रम
* पलयमकोट्टाई
* नांगुनेरी
* राधापुरम
Read Also | राज्य में 4660 अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाने का आदेश, क्यों?
गौरतलब है कि गत 31 जनवरी को बतौर कोलकाता पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार ने अपनी जिम्मेदारी संभाली थी। 16 मार्च को चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही उन्हें उनके पद से हटा दिया गया। उनकी जगह पर अजय कुमार नंद को नियुक्त किया गया। इसके बाद सुप्रतिम सरकार को एडीजी (सीआईडी) की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी। सुप्रतिम सरकार के साथ ही एक ही दिन राज्य के डीजी पीयुष पांडे को भी उनके पद से हटा दिया गया था।
राष्ट्रीय चुनाव आयोग ने मार्च के मध्य में पश्चिम बंगाल के कई आईपीएस अधिकारियों को दूसरे राज्यों में बतौर ऑब्जर्वर भेजने की घोषणा की थी। उसी संबंध में अब सुप्रतिम सरकार को तमिलनाडु में ऑब्जर्वर के तौर पर भेजा जा रहा है जिसकी विज्ञप्ति भी जारी कर दी गयी है। इस सूची में मुरलीधर शर्मा, सैयद वकार राजा, प्रवीण त्रिपाठी, अमनदीप और आकाश मेघारिया भी शामिल थे लेकिन बाद में चुनाव आयोग ने उन्हें दूसरे राज्यों में भेजने का अपना फैसला स्थगित कर दिया।