चेन्नई : आईपीएल में शानदार शुरुआत के बावजूद श्रेयस अय्यर की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स ने लगातार दो मैच जीत लिए हैं। हाल ही में टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराया लेकिन इस जीत के बाद भी टीम राहत में नहीं है।
दरअसल श्रेयस अय्यर एक बार फिर नियम तोड़ने के कारण सख्त सजा के घेरे में आ गए हैं। टीम पर स्लो ओवर रेट का आरोप लगा है। यानी तय समय में पूरे ओवर नहीं फेंके गए। इसी गलती के कारण अय्यर पर 24 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है।
यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी उन्हें इसी गलती के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ा था। लगातार दूसरी बार नियम तोड़ने के कारण सजा और कड़ी हो गई है। इतना ही नहीं, टीम के बाकी खिलाड़ियों को भी राहत नहीं मिली। हर खिलाड़ी पर 6 लाख रुपये या मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
आईपीएल के नियमों के अनुसार, अगर कोई टीम एक ही सीजन में तीन बार स्लो ओवर रेट का दोषी पाई जाती है तो कप्तान पर एक मैच का बैन लगाया जा सकता है। ऐसे में अब अय्यर पर निलंबन का खतरा मंडरा रहा है।
6 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले मैच में अगर यह गलती दोहराई गई तो अय्यर को एक मैच के लिए बाहर बैठना पड़ सकता है। इसका असर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले पर भी पड़ेगा।
जीत के बावजूद इस मुद्दे ने पंजाब टीम की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर अगले मैच पर टिकी है।