मानसून के आगमन और बारिश की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी से राहत को मिलती है लेकिन कपड़ों का सूखाने को लेकर एक बड़ी समस्या पैदा हो जाती है। कम धूप, लगातार बारिश और हवा की कमी, हवा में नमी की मात्रा का अधिक होना...इन सभी वजहों से कपड़ों से सीलन जैसी बदबू आने लगती है।
ज्यादा दिनों तक लगातार भीगे रहने पर कपड़ों पर फफूंद भी पनपने लगते हैं। यह ऐसी बदबू होती है जिसे परफ्यूम से भी छिपाया नहीं जा सकता है। हालांकि कुछ आसान टिप्स को अपनाकर आप मानसून के दौरान भी अपने कपड़ों को खुशबूदार बनाए रख सकती हैं।
अतिरिक्त डिटर्जेंट का इस्तेमाल न करना
ज्यादा डिटर्जेंट का मतलब कपड़ों का ज्यादा साफ होना नहीं होता है। वास्तविकता में अधिक डिटर्जेंट का इस्तेमाल कपड़ों के रेशों को नष्ट कर सकता है। इस वजह से रेशों के अवशेष नमी को रोकते हैं और उसमें बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया के पैदा और पनपने का मौका मिल जाता है।
Read Also | क्या करें अगर सफेद या हल्के रंग के कपड़ों को धोते समय लग जाएं दूसरे कपड़ों के रंग का दाग?
इसलिए कपड़ों को धोते समय जरूरत से ज्यादा डिटर्जेंट पाउडर का इस्तेमाल न करें। कपड़ों को आखिरी बार धोते समय पानी में थोड़ा सा सिरका या मार्केट में कपड़ों के लिए मिलने वाले खास कीटाणुनाशक का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
अतिरिक्त पानी को निचोड़ लें
मानसून में कपड़े जल्दी सुखाने के लिए धोने के बाद जितना संभव हो उतना पानी अच्छे से निचोड़ लेना जरूरी है। अगर आप वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल करते हैं तो एक अतिरिक्त स्पिन साइकिल चला सकती हैं। इससे कपड़ों के अंदर जमा पानी निकल जाता है और उन्हें सूखने में कम समय लगता है।
कपड़ों को सही जगह पर सूखने के लिए फैलाए
घर के अंदर कपड़े सुखाने के लिए ऐसी जगह चुननी चाहिए जहां वेंटिलेशन अच्छी हो। यानी हवा अच्छी तरह से आ-जा रही हो। खिड़की के पास या पंखे के नीचे कपड़े सुखाना फायदेमंद साबित हो सकता है। कपड़ों को बाथरूम या बहुत ज्यादा नमी वाली जगहों पर कपड़े सुखाने से बचना चाहिए क्योंकि इन स्थानों पर आर्द्रता अधिक होने के कारण कपड़ों में सीलन और बदबू और बढ़ सकती है।
कमरे की आद्रता को करें नियंत्रित Image : Ei Samay
कमरे की आद्रता को एडजस्ट करें
अगर कमरे की हवा में नमी की मात्रा बढ़ गयी हो तो कपड़े सूखने में काफी समय लग सकता है। इसलिए एयर कंडीशनर या डी-ह्यूमिडिफायर का उपयोग किया जा सकता है। मशीन उपलब्ध न हो तो कपड़ों के पास सिलिका जेल के पैकेट रख सकती हैं। ये हवा में मौजूद अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करते हैं।
हल्के गीले कपड़ों पर करें आयरन
कपड़े पूरी तरह से सूख जाने के बाद उन पर इस्त्री करने के बजाए जब कपड़ों में हल्की नमी बची हो तब इस्त्री करना फायदेमंद हो सकता है। इस्त्री की गर्मी से बची हुई नमी दूर हो जाएगी। इसके साथ ही बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया भी खत्म हो जाएंगे। इससे कपड़े अधिक ताजा और साफ महसूस होते हैं।