टोरंटोः कनाडा में भाषा को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है, जब एयर कनाडा के CEO माइकल रूसो को फ्रेंच में संवाद न करने पर तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा। हालिया विमान हादसे के बाद जारी उनके अंग्रेजी संदेश ने इस विवाद को और बढ़ा दिया है।
अंग्रेजी संदेश से भड़का विवाद
न्यूयॉर्क में हुए विमान हादसे के बाद रूसो ने करीब चार मिनट का वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने लगभग पूरी तरह अंग्रेजी का इस्तेमाल किया। फ्रेंच के केवल दो शब्द “bonjour” और “merci” के प्रयोग से ही उनका संदेश सीमित रहा, जिससे फ्रेंच भाषी समुदाय में नाराज़गी फैल गई। बाद में रूसो ने स्वीकार किया कि उनकी भाषा संबंधी कमी के कारण हादसे से जुड़े परिवारों के दुख से ध्यान भटक गया। उन्होंने यह भी माना कि कई वर्षों की कोशिशों के बावजूद वे अभी तक फ्रेंच में सहज नहीं हो पाए हैं और इसके लिए उन्होंने माफी मांगी।
राजनीतिक दबाव और इस्तीफे की मांग
इस मुद्दे ने राजनीतिक रूप ले लिया है। क्यूबेक के प्रीमियर फ्रांस्वा लेगॉल्ट ने रूसो के इस्तीफे की मांग की है। वहीं कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इसे संवेदनशीलता और निर्णय क्षमता से जुड़ा मुद्दा बताते हुए एयर कनाडा प्रबंधन से जवाब की अपेक्षा जताई है।
हादसा बना विवाद का कारण
यह पूरा विवाद उस विमान दुर्घटना के बाद सामने आया, जो न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर हुई थी। एयर कनाडा जैज़ की उड़ान लैंडिंग के दौरान रनवे पर खड़े फायर ट्रक से टकरा गई, जिसमें दो पायलट एंटोनी फॉरेस्ट और मैकेंजी गनथरकी मौत हो गई। फॉरेस्ट क्यूबेक के फ्रेंच भाषी थे, जिससे भाषा का मुद्दा और संवेदनशील हो गया।
क्यूबेक में भाषा पहचान का मुद्दा
एयर कनाडा का मुख्यालय मॉन्ट्रियल में स्थित है, जो क्यूबेक प्रांत में आता है और जहां फ्रेंच प्रमुख भाषा है। कनाडा एक आधिकारिक रूप से द्विभाषी देश है, लेकिन क्यूबेक में भाषा और पहचान का सवाल ऐतिहासिक रूप से बेहद संवेदनशील रहा है। यहां लगभग 80% आबादी फ्रेंच बोलती है।
पहले भी विवादों में रहे रूसो
यह पहला मौका नहीं है जब माइकल रूसो को भाषा को लेकर आलोचना झेलनी पड़ी है। 2021 में पद संभालने के समय उन्होंने फ्रेंच सीखने का वादा किया था, लेकिन उसी वर्ष उनके एक भाषण में अंग्रेजी के अधिक इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था। मैकगिल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डैनियल बेलांद के अनुसार रूसो ने उस समय माफी मांगकर भाषा सीखने का भरोसा दिया था, लेकिन हालिया घटनाएं दर्शाती हैं कि उनके प्रयास अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाए।
शिकायतें और अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
रूसो के वीडियो को लेकर आधिकारिक भाषाओं के आयुक्त के कार्यालय में सैकड़ों शिकायतें दर्ज की गई हैं। हालांकि पूर्व मंत्री जेसन केनी ने अलग दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि एयरलाइन प्रमुख को अपना समय भाषा सीखने के बजाय सुरक्षा और सेवा की गुणवत्ता सुधारने में लगाना चाहिए।