छिंदवाड़ाः मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में गुरुवार शाम मुख्यमंत्री मोहन यादव के एक सार्वजनिक कार्यक्रम से लौट रही बस की पिकअप वाहन से आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 31 लोग घायल हो गए। घायलों में 3 से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिस कार्यक्रम से बस लौट रही थी, उसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव ने करीब 506 करोड़ रुपये की लागत वाली 105 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। यह कार्यक्रम शाम 5:45 बजे समाप्त हुआ था और हादसा करीब 22 किलोमीटर दूर हुआ।
सिमरिया के पास हुआ हादसा
यह दुर्घटना शाम करीब 7 बजे नागपुर रोड स्थित सिमरिया इलाके में हुई, जो जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर है।
मृतकों में पुरुष, महिलाएं और बच्चा शामिल
अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। बाद में बताया गया कि इनमें बस के 8 यात्री और पिकअप वाहन का चालक व क्लीनर भी शामिल हैं।
घायलों का इलाज जारी, एक को नागपुर रेफर
कुल 31 घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 3-4 की हालत गंभीर है। एक घायल को बेहतर इलाज के लिए नागपुर भेजा गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये और घायलों को 1 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही, सभी घायलों का इलाज मुफ्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत कार्य जारी, कंट्रोल रूम स्थापित
घायलों के इलाज के लिए जबलपुर से डॉक्टरों की टीम भेजी जा रही है। छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। भोपाल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जो पूरे इलाज की निगरानी कर रहा है।