🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

Bengal Election : दिलीप घोष का विवादित बयान - 'UP की तरह होगा एनकाउंटर', तृणमूल ने दिया करारा जवाब

भाजपा नेता दिलीप घोष ने दावा किया कि 4 मई के बाद सबकुछ बदल जाएगा।

By Moumita Bhattacharya

Mar 26, 2026 19:47 IST

खड़गपुर सदर विधानसभा केंद्र के भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष एक बार फिर से अपने पुराने अंदाज में बयानबाजी करते नजर आ रहे हैं। उनके बयान ने फिर उन्हें विवादों के घेरे में डाल दिया है। गुरुवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान दिलीप घोष (Dilip Ghosh) ने दावा किया कि अगर बंगाल में भाजपा सत्ता में आती है तो पुलिस में बदलाव आएगा।

इसके साथ ही उन्होंने कहा, 'देखिएगा कैसे उत्तर प्रदेश के अंदाज में एनकाउंटर करेगी।' दिलीप घोष के इस बयान ने ही विवादों को जन्म दिया है।

HT की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक खड़गपुर में एक सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता दिलीप घोष ने दावा किया कि 4 मई के बाद सबकुछ बदल जाएगा। आज जिस पुलिस को आप हाथ पर हाथ धरे बैठे और माफियाओं के साथ चाय की चुस्कियां लेते , नेताओं की 'चमचागिरी' करते देखते हैं, उनका पूरा चरित्र ही बदल जाएगा। यहीं पुलिस उत्तर प्रदेश के अंदाज में एंकाउंटर भी करेगी और अपराधियों को जेल में भी भरेगी। दिलीप घोष के इस बयान की आलोचना करते हुए तृणमूल ने उन्हें करारा जवाब भी दिया है।

खड़गपुर के इंदा में सभा को संबोधित करते हुए घोष ने कहा कि मैंने गुंडों और माफियाओं के खिलाफ खड़गपुर में कितनी लड़ाईयां लड़ी हैं और मैं फिर से लडूंगा। पर शायद इस बार इसकी जरूरत नहीं होगी। एक बार भाजपा सत्ता में आ जाती है तो अपराध से जुड़े हर व्यक्ति को पकड़कर जेल भेज दिया जाएगा।

गौरतलब है कि लगभग एक साल पहले उत्तर प्रदेश में 24 घंटे के अंदर 8 शहरों में 10 एनकाउंटर किए गए थे। उत्तर प्रदेश पुलिस का दावा था कि अपराध को कम करने और अपराधियों को रोकने के लिए ही यह किया जा रहा है। इसके अलावा भी मुख्यमंत्री योगी के कार्यकाल के दौरान उत्तर प्रदेश से एनकाउंटर की और भी कई खबरें आ चुकी हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश पुलिस के इस रवैये का कई राजनैतिक पार्टियों ने विरोध भी किया है।

तृणमूल ने दिया सीधा जवाब

कोलकाता के मेयर व तृणमूल नेता फिरहाद हकीम ने दिलीप घोष के बयान पर करारा जवाब देते हुए कहा कि एनकाउंटर की संस्कृति उत्तर प्रदेश में चल सकती है, बंगाल में नहीं। उन्होंने चुनाव आयोग से दिलीप घोष की बातों पर कदम उठाने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा 2016 में जीती अपनी 3 सीटों को बढ़ाकर 77 विधानसभा सीटों तक ही ले जा सकी थी जबकि तृणमूल ने फिर से 294 सीटों वाली विधानसभा केंद्र पर अपना कब्जा जमाया था और अब चौथी बार भी ऐसा ही करने वाली है।

Articles you may like: