लखनऊ : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां बांदा-महोबा नेशनल हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।
पुलिस के अनुसार इस हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सर्किल ऑफिसर (सिटी) मेविस टाक ने बताया कि ट्रक चालक सुरेश पांडेय, सूरज नाथ उर्फ साधु और हेल्पर सनी आग में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे में घायल हुए व्यक्ति की पहचान अभिषेक यादव के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद लगी आग इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीम को सूचना दी जिसके बाद मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया।
पुलिस ने मृतकों और घायल के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।