मुंबई : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। खास बात यह है कि पहले चरण की शुरुआत से पहले ही दूसरे चरण की घोषणा कर दी गई है। देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव होने के कारण इस बार आईपीएल का कार्यक्रम दो हिस्सों में जारी किया गया है।
पहले चरण में जहां 20 मैच खेले जाएंगे वहीं दूसरे चरण में कुल 50 मुकाबले होंगे। यह मैच 13 अप्रैल से 24 मई के बीच खेले जाएंगे। हालांकि दूसरे चरण में कौन सी टीम किस दिन किसके खिलाफ खेलेगी इसका पूरा विस्तृत शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है।
दूसरे चरण के मैच देश के 12 शहरों में आयोजित होंगे जिनमें बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ शामिल हैं। इस चरण के मैच काफी अहम माने जा रहे हैं क्योंकि इसी दौरान प्लेऑफ की तस्वीर साफ होगी।
दूसरे चरण की शुरुआत 13 अप्रैल को होगी, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस चरण में कुल 8 डबल हेडर मैच होंगे। दोपहर के मैच शाम 3:30 बजे से और शाम के मैच रात 7:30 बजे से शुरू होंगे।
टीमों के घरेलू मैदानों में भी बदलाव किया गया है। पंजाब किंग्स अपने घरेलू मैच न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी जिसमें तीन मैच धर्मशाला में होंगे। राजस्थान रॉयल्स पहले चरण में गुवाहाटी में खेलने के बाद दूसरे चरण में जयपुर में अपने घरेलू मैच खेलेगी। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु तीन मैच बेंगलुरु और दो मैच रायपुर में खेलेगी।
BCCI ने बताया है कि प्लेऑफ मुकाबलों के स्थान और तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।