मौसम बिगड़ जाने की वजह से लगभग 1 घंटा से ज्यादा समय तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) का विमान आखिरकार कोलकाता एयरपोर्ट पर उतर सका। अंडाल से उड़ान भरने के बाद शाम 4 बजे मुख्यमंत्री का विमान कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला था लेकिन विमान कोलकाता के आसमान में पहुंचने से ठीक पहले आंधी और बारिश शुरू हो गयी।
इस कारण कुछ देर के लिए कोलकाता एयरपोर्ट से उड़ानों की आवाजाही भी रोक दी गयी थी। इस कारण मुख्यमंत्री का विमान भी कोलकाता एयरपोर्ट पर नहीं उतर पाया और आसमान में चक्कर काटने लगा।
काफी देर तक पांडुआ-चाकदह-पायराडांगा-कालना-जिराट पर चक्कर लगाने के बाद आखिरकार शाम 5.19 बजे ममता बनर्जी का विमान कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर पाया। कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री अपनी निजी गाड़ी से बाहर निकल गयी।
Read Also | तूफानी बारिश में अटकी ममता बनर्जी की उड़ान, हेलिकॉप्टर को डायवर्ट किया गया
बता दें, ममता बनर्जी पश्चिम बर्धमान के पांडवेश्वर में चुनावी सभा को संबोधित करने गयी थी। इसके बाद बीरभूम के दुबराजपुर में भी उन्होंने सभा को संबोधित किया। आखिर में अंडाल होकर वह कोलकाता वापस लौट रही है।
शाम 4 बजे ममता बनर्जी को लेकर उनका फैल्कॉन विमान कोलकाता के आसमान में तो आकर पहुंचा लेकिन उसी समय तेज आंधी और बारिश शुरू हो गयी। इस वजह से सिर्फ मुख्यमंत्री ही नहीं बल्कि और भी 3-4 उड़ानें भी आसमान में ही फंस गयी। उन्हें भी होल्ड करने के लिए कहा गया जिसमें स्पाइस जेट की एक उड़ान भी शामिल है।
उक्त विमान को वापस अंडाल लेकर जाने के बारे में भी सोचा गया था और दूसरे विकल्प के तौर पर पायलट को रांची का विकल्प दिया गया था। एयरपोर्ट के अनुभवी अधिकारियों ने होल्ड पर आसमान में चक्कर लगा रहे विमानों के पायलट से कहा था कि इनमें से जो अनुभवी पायलट मौसम साफ देखकर कोलकाता एयरपोर्ट के रनवे पर सफलतापूर्वक लैंड कर जाएगा, उसके पीछे-पीछे बाकी विमान भी लैंड कर जाएंगे। मुख्यमंत्री का विमान छोटा था, इसलिए उसे लैंड करने में कोई समस्या नहीं हुई थी। लेकिन इस विमान में VIP के सवार रहने की वजह से अतिरिक्त सावधानी बरती गयी।