भाजपा प्रत्याशी के तौर पर नाम घोषित होने के अगले दिन से ही आरजी कर पीड़िता 'अभया' के माता-पिता चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (Bengal Election 2026) में प्रत्याशी के तौर पर नाम घोषित होने के बाद ही प्रतिद्वंद्वी वाम प्रत्याशी के लिए पानीहाटी के भाजपा प्रत्याशी के सुर बदले-बदले से नजर आ रहे हैं।
आरजी कर आंदोलन में शामिल होने के बाद वाम प्रत्याशी कलतान दासगुप्ता को जेल भी जाना पड़ा था। लगभग 7 दिनों पहले तक कलतान के खिलाफ पीड़िता की मां व भाजपा प्रत्याशी ने तीखा हमला भी किया था।
लेकिन बुधवार को जैसे ही प्रत्याशी के तौर पर नाम की घोषणा हुई इसके अगले दिन (गुरुवार) से ही उनके तेवर ही बदल गए। वहीं दूसरी ओर आरजी कांड पीड़िता की मां व भाजपा प्रत्याशी को भवानीपुर में चुनाव प्रचार के लिए लेकर जाने की घोषणा इसी केंद्र के भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी ने की है।
बुधवार को भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कर दी। चर्चाओं के मुताबिक ही पानीहाटी विधानसभा केंद्र से आरजी कर कांड की पीड़िता 'अभया' की मां को प्रत्याशी घोषित किया गया। इसके अगले दिन ही भाजपा के सॉल्टलेक ऑफिस में 'अभया' के माता-पिता पहुंचे। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ बातचीत भी की।
Read Also | दिलीप घोष का विवादित बयान - 'UP की तरह होगा एनकाउंटर', तृणमूल ने दिया करारा जवाब
मीडिया से बात करते हुए पानीहाटी के चुनावी प्रतिद्वंद्वी वाम प्रत्याशी कलतान को 'बेटा' कहकर उन्होंने संबोधित किया। भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि वह मेरे बेटे जैसा है। सिर्फ इतना ही नहीं कलतान ने आंदोलन में हिस्सा लिया था, उन्होंने इस बात को भी स्वीकार कर लिया।
पीड़िता की मां ने कहा कि उसने (कलतान) आंदोलन किया था। मैं उसके खिलाफ कुछ नहीं कहूंगी। वहीं दूसरी ओर शुभेंदु अधिकारी ने कलतान वाले मुद्दे पर कोई बात नहीं की। उनका कहना है कि तृणमूल को जीताने और वोट काटने के लिए ही विभिन्न जगहों से वाम प्रत्याशियों को खड़ा किया गया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोलते हुए पानीहाटी की भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है। कुछ भी होता है तो कहा जाता है कि महिलाएं रात को घर से बाहर न निकले। रात 8 बजे के बाद महिलाओं से बाहर न निकलने के लिए कहा जाता है।
Read Also | “फिर लॉकडाउन कर जनता को फंसा देंगे”: LPG संकट और SIR पर ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
यह सारी बातें जो कहती हैं, वह हमारी मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और खुद पुलिस मंत्री भी हैं। इसके बाद उन्होंने तृणमूल को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। नाम घोषित होने के बाद पानीहाटी में जाकर पीड़िता के माता-पिता से शुभेंदु अधिकारी मिले। इसके बाद उन्होंने कहा कि मैं उनके (पीड़िता की मां) सामने कृतज्ञ हूं। उनको उम्मीद है कि पानीहाटी के शिक्षित लोग रिकॉर्ड वोटों से पीड़िता की मां को चुनाव में जीत दिलवाएंगे।
आरजी कर कांड का उल्लेख करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि जिन्होंने इस मामले में राज्य सरकार को बचाया था, उस वकील को तृणमूल ने राज्यसभा में भेज दिया है। इसके साथ ही शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य की पुलिस मंत्री के खिलाफ पीड़िता की मां की जो शिकायतें हैं उसे आम लोगों तक पहुंचाने के लिए ही वह उन्हें भवानीपुर में चुनाव प्रचार के लिए लेकर जाएंगे।