गत सोमवार को चुनाव आयोग ने 73 रिटर्निंग ऑफिसरों का तबादला कर दिया था जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) का निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर भी शामिल है। गुरुवार को आयोग ने फिर से 14 रिटर्निंग अधिकारियों का तबादला किया है। चुनाव से पहले अब तक कुल 87 रिटर्निंग ऑफिसरों का तबादला किया जा चुका है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और प्रत्येक सीट पर एक-एक रिटर्निंग ऑफिसर (RO) तैनात किया जाता है। इसका मतलब है कि राज्य में कुल RO की संख्या भी 294 ही है। इनमें से पहले 73 का स्थानांतरण कर दिया गया था और अब 14 अधिकारियों को बदला गया है।
चुनाव आयोग ने जिन विधानसभा क्षेत्रों के आरओ को बदला है, उनमें जलपाईगुड़ी, भरतपुर, बदुड़िया, जादवपुर, जगतबल्लभपुर, पुरसुरा, मयना, नंदकुमार, हल्दिया, कांथी दक्षिण, एगरा, खड़गपुर, दासपुर और सोनामुखी शामिल हैं। चुनाव आयोग ने 14 अधिकारियों को बदलने के साथ-साथ 9 खाली पदों पर भी रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त करने का आदेश भी दिया है।
इसके साथ ही IAS अधिकारी रवि कुमार को आरामबाग का SDO नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें 200 आरामबाग विधानसभा सीट का रिटर्निंग ऑफिसर भी बनाया गया है।
आयोग के आदेशानुसार सभी अधिकारियों को शुक्रवार (27 मार्च) शाम 5 बजे तक अपने-अपने केंद्रों पर कार्यभार संभालने के लिए कहा गया है। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से ही चुनाव आयोग ने पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर कई बड़े बदलाव किए हैं।
सबसे पहले मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा का तबादला किया गया। उनकी जगह नए मुख्य सचिव के रूप में दुष्यंत नारियाला और नए गृह सचिव के तौर पर संघमित्रा घोष को जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही कोलकाता के पुलिस कमिश्नर सुप्रतीम सरकार को हटाकर उनकी जगह अजय कुमार नंद को नियुक्त किया गया है। वहीं राज्य पुलिस के डीजी पियुष पांडेय की जगह सिद्धिनाथ गुप्ता को लाया गया है।