🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कराची में पाक रेंजर्स के ऑफिस के पास जोरदार धमाके के बाद गोलीबारी

पाकिस्तान के कराची में यह धमाका अर्धसैनिक बल 'पाकिस्तान रेंजर्स' के ऑफिस के बाहर हुआ।

By Moumita Bhattacharya

Jun 27, 2026 23:04 IST

पाकिस्तान का कराची शनिवार (27 जून) की रात को जोरदार धमाके से दहल उठा। इसके साथ ही गोलीबारी की खबरें भी सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार यह धमाका अर्धसैनिक बल (पैरामिलिट्री फोर्स) 'पाकिस्तान रेंजर्स' के ऑफिस के बाहर हुआ।

आज तक की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गयी है। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि मरने वाले आम पाकिस्तानी नागरिक हैं या पाकिस्तान सिंध रेंजर्स के जवान हैं।

इसके अलावा 3 अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी मिली है। पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से दावा किया जा रहा है कि कराची में हमले की जिम्मेदारी जमात-उल-अहरार ने ली है। आतंकी संगठन का दावा है कि इस हमले को 9 आतंकियों ने मिलकर अंजाम दिया है।

बताया जाता है कि पहला जोरदार धमाका होने के बाद दो छोटे विस्फोट भी हुए थे। इसके बाद हमलावरों के साथ पाकिस्तानी सुरक्ष बलों की करीब आधे घंटे तक गोलीबारी चलती रही। यह एक आत्मघाती हमला बताया जाता है, जिसमें रेंजर्स कपाउंड को निशाना बनाया गया था।

news18 की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार यह धमाका कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर ब्लॉक 6 इलाके में हुआ है जहां पाक रेंजर्स का ऑफिस होने के साथ-साथ मौसम विभाग का ऑफिस, कई प्रमुख विश्वविद्यालय भी मौजूद हैं।

संभावना जतायी जा रही है कि यह कोई बड़ा आतंकी हमला हो सकता है। धमाके के तुरंत बाद गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दे रही थी। बताया जाता है कि सिंध प्रांत के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने आपातकालिन रिपोर्ट तलब की है। दूसरी ओर सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है।

इसके साथ ही VIP रास्तों पर ट्रैफिक को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के हवाले से बताया जाता है कि इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दी गयी है।

पाकिस्तान के बचाव दल 'रेस्क्यू 1122' के हवाले से बताया जाता है कि गुलिस्तान-ए-जौहर में विस्फोट की जानकारी मिलते ही तुरंत घटनास्थल पर एक टीम को भेज दिया गया है। फिलहाल वहीं टीम घटना का जायजा ले रही है।

घटना के बारे में सिंध प्रांत के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह को जानकारी दी गयी है और उनके साथ प्रदेश के आईजीपी और अतिरिक्त आईजी की बात भी हुई है। मुख्यमंत्री के प्रवक्ता के हवाले से बताया जाता है कि इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट उन्होंने अतिरिक्त आईजी से मांगी है। साथ घटना क्यों घटी व इसमें कौन-कौन शामिल हैं, इसकी जांच करने का आदेश भी मुख्यमंत्री ने दिया है।

Articles you may like: