मुंबई : बॉलीवुड के दो चर्चित कलाकार अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। करीब 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद दोनों की जोड़ी फिल्म 'हैवान' के जरिए वापसी कर रही है। इस बहुप्रतीक्षित थ्रिलर फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है।
निर्देशक प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म 'हैवान' 11 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस जानकारी की घोषणा केवीएन प्रोडक्शंस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का नया पोस्टर साझा करते हुए की। पोस्ट के साथ लिखा गया, "11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में। 60 ब्लॉकबस्टर। एक मास्टर स्टोरीटेलर। प्रियदर्शन की फिल्म 'हैवान'।"
फिल्म की शूटिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। पिछले वर्ष दिसंबर में निर्देशक प्रियदर्शन ने इंस्टाग्राम पर शूटिंग पूरी होने के अवसर की तस्वीरें साझा की थीं। इन तस्वीरों में सैफ अली खान कलाकारों और पूरी टीम के साथ केक काटते नजर आए थे। वहीं एक अन्य तस्वीर में अभिनेता निर्देशक और पूरी यूनिट के साथ फोटो खिंचवाते दिखाई दिए थे।
'हैवान' के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान लगभग 17 वर्षों बाद एक साथ स्क्रीन साझा करेंगे। इससे पहले दोनों कलाकार 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी', 'ये दिल्लगी' और 'आरजू' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। आखिरी बार दोनों वर्ष 2008 में रिलीज हुई निर्देशक विजय कृष्ण आचार्य की फिल्म 'टशन' में एक साथ दिखाई दिए थे।
फिल्म में अभिनेत्री सायामी खेर भी अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। दर्शकों को इस थ्रिलर फिल्म से काफी उम्मीदें हैं, क्योंकि इसमें लंबे समय बाद दो लोकप्रिय सितारों की जोड़ी एक बार फिर साथ दिखाई देगी।