कोलकाताः तारातला में निर्माणाधीन गोदाम ढहने की घटना को लेकर राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है। इस मामले में अब कोलकाता के पूर्व मेयर एवं तृणमूल कांग्रेस नेता फिरहाद हकीम के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत भारतीय जन मजदूर सेल (बीजेएमसी) की दक्षिण कोलकाता इकाई की ओर से तारातला थाने में दी गई है।
शिकायत में कोलकाता के वार्ड-80 के पूर्व पार्षद अनवर खान और वार्ड-134 के पूर्व पार्षद शम्स इकबाल का नाम भी शामिल किया गया है। संगठन का आरोप है कि यह घटना केवल एक दुर्घटना नहीं है, बल्कि अवैध निर्माण और आपराधिक साजिश का परिणाम है। शिकायत में गड़बड़ी और साजिश की जांच की मांग की गई है और इसे एफआईआर के रूप में दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की अपील की गई है।
बीजेएमसी ने यह भी मांग की है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो तथा गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाए। संगठन का कहना है कि बिना अवैध निर्माण के यह हादसा नहीं हो सकता था।
इसी बीच, संगठन के दक्षिण कोलकाता जिला अध्यक्ष एमबी महेश ने आरोप लगाया कि पोर्ट क्षेत्र में हुए अधिकांश निर्माण कार्यों में अनियमितताएं रही हैं और इसमें राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि क्षेत्र में एक संगठित नेटवर्क काम करता था, जिसमें विभिन्न स्तरों पर लोगों की भूमिका थी।
उधर, घटना को लेकर पहले ही कोलकाता नगर निगम और पुलिस जांच कर रहे हैं। 24 जून को हुए इस हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
इससे पहले भी मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज रही है। बीजेएमसी ने आरोप लगाया है कि पहले भी ऐसे मामलों को दबाया गया था, लेकिन इस बार कार्रवाई की मांग को लेकर दबाव बढ़ाया जा रहा है। दूसरी ओर, अब तक फिरहाद हकीम की ओर से इस ताजा शिकायत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पूर्व में फिरहाद हकीम ने स्पष्ट किया था कि बिल्डिंग प्लान की मंजूरी की प्रक्रिया में मेयर का प्रत्यक्ष हस्तक्षेप नहीं होता और यह कार्य नगर निगम के बिल्डिंग विभाग द्वारा किया जाता है। वहीं, जांच एजेंसियां पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल कर रही हैं।