🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

वेनेजुएला में भूकंप से 589 की मौत, राहत के लिए भारत ने भेजी मेडिकल टीम और पोर्टेबल अस्पताल भी

दो शक्तिशाली भूकंप और कई आफ्टरशॉक से तबाही, हजारों लोग अब भी मलबे में फंसे; भारत ने 81 सदस्यीय चिकित्सा दल को राहत सामग्री के साथ रवाना किया।

By श्वेता सिंह

Jun 26, 2026 23:06 IST

नई दिल्ली/कराकासः वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के अनुसार, अब तक 589 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2,980 से अधिक लोग घायल हुए हैं। तटीय इलाकों में लगातार आए करीब 20 आफ्टरशॉक के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं। राहत एजेंसियों का मानना है कि बड़ी संख्या में लोग अब भी मलबे के नीचे फंसे हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ

आपदा की गंभीरता को देखते हुए भारत ने वेनेजुएला के लिए राहत मिशन शुरू किया है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सेना के 60 पैरा फील्ड अस्पताल से 81 सदस्यीय मेडिकल टीम को वेनेजुएला भेजा गया है। इस दल में नौ मेडिकल अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें आपात चिकित्सा, ट्रॉमा केयर और सर्जरी का विशेष अनुभव है।

यह टीम शुक्रवार को हिंडन एयर फोर्स स्टेशन से दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमानों के जरिए रवाना हुई।

'भीष्म क्यूब' भी भेजा गया

राहत अभियान के तहत भारत ने 'आरोग्य मैत्री' परियोजना के अंतर्गत विकसित अत्याधुनिक 'भीष्म क्यूब' भी भेजा है। यह एक पोर्टेबल अस्पताल है, जिसमें एक साथ 200 मरीजों का इलाज किया जा सकता है।

इसमें पोर्टेबल वेंटिलेटर, मरीजों की निगरानी करने वाले उपकरण, रोग जांच मशीनें, सर्जिकल उपकरण, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम और बिजली उत्पादन की स्वतंत्र व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत चिकित्सा सेवाएं शुरू की जा सकती हैं।

दो बड़े भूकंपों से मची तबाही

बुधवार शाम स्थानीय समय के अनुसार महज 38 सेकंड के अंतराल पर दो शक्तिशाली भूकंप आए। पहला झटका राजधानी कराकास से करीब 160 किलोमीटर दूर महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.2 दर्ज की गई। इसके तुरंत बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया, जिससे कराकास और आसपास के क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ।

सबसे अधिक प्रभावित ला गुआइरा क्षेत्र रहा। सरकार के अनुसार, यहां 100 से अधिक मकान ढह गए और 70 हजार से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं।

वेनेजुएला सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं तथा अतिरिक्त बचाव दलों को प्रभावित इलाकों में भेजा जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र ने भी राहत एवं बचाव अभियान में सहयोग के लिए अपनी टीम भेजने की घोषणा की है। प्रशासन भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने में जुटा है।

Articles you may like: