बीजिंगः चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार शाम एक छोटा विमान शहर की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल चाइना जुन (सिटिक टॉवर) से टकरा गया। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और एहतियात के तौर पर पूरी इमारत को खाली करा लिया गया। घटना की तस्वीरों और वीडियो ने अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले की यादें ताजा कर दीं। हालांकि चीनी प्रशासन ने साफ किया है कि यह आतंकी हमला नहीं, बल्कि एक विमान दुर्घटना है।
इमारत से टकराते ही बिखर गया विमान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5:40 बजे सनवर्ड एसए-60एल ऑरोरा मॉडल का एक हल्का विमान, जिसका पंजीकरण नंबर बी-12पीपी था, चाइना जुन इमारत से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान कई हिस्सों में टूट गया और उसका मलबा इमारत के नीचे बिखर गया।
करीब 1,700 फुट ऊंची और 109 मंजिला इस इमारत के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है। टक्कर के कारण कई शीशे टूट गए और बाहरी ढांचे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में इमारत के एक हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। वहीं नीचे सड़क पर विमान के टूटे हिस्से, कांच और अन्य मलबा फैला नजर आया। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल पूरे इलाके को घेर लिया और भवन में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उड़ान के दौरान टूटा संपर्क
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विमान में केवल पायलट सवार था। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान विमान निर्धारित मार्ग से भटक गया था और कुछ समय बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क भी टूट गया। इसके बाद वह इमारत से टकरा गया। पायलट की स्थिति और संभावित हताहतों के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
तकनीकी खराबी या मानवीय भूल?
चीन के विमानन और सुरक्षा अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, पायलट की गलती या किसी अन्य कारण से हुई। प्रशासन ने शुरुआती जांच के आधार पर कहा है कि घटना के पीछे किसी आतंकी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।