मुंबई : पुणे के ग्रामीण लोनावला क्षेत्र में केतन अग्रवाल की कथित हत्या के मामले में महाराष्ट्र सरकार ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का फैसला लिया है। इसके साथ ही वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी अभियोजक नियुक्त करने की मांग भी स्वीकार कर ली गई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को पुणे में केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान परिवार ने अपने बेटे के लिए जल्द न्याय की मांग की। मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार पूरी कोशिश करेगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि लोनावला ग्रामीण क्षेत्र में हुई केतन अग्रवाल की दुखद मौत के मामले में उनके पिता विशाल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर न्याय की मांग की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि परिवार को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
लोणावळा ग्रामीण परिसरात झालेल्या केतन अग्रवाल यांच्या दुर्दैवी हत्येच्या प्रकरणात केतन अग्रवाल यांचे वडिल विशाल अग्रवाल यांनी आज पुण्यात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस यांची भेट घेतली आणि आपल्या मुलाला न्याय मिळावा, अशी मागणी केली.
— CMO Maharashtra (@CMOMaharashtra) June 26, 2026
या प्रकरणातील दोषींना कठोर शिक्षा व्हावी, यासाठी… pic.twitter.com/JGAsQVCOvd
पीड़ित परिवार की मांग पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस मामले के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की मंजूरी दे दी। उन्होंने मुकदमे की प्रक्रिया को तेज करने के लिए कानून एवं न्याय विभाग के सचिव को जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी जारी किए।
इसके अलावा परिवार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी अभियोजक नियुक्त करने की मांग को भी स्वीकार कर लिया गया। बताया गया है कि उज्ज्वल निकम ने राज्य सरकार की ओर से इस मामले में पैरवी करने के लिए अपनी सहमति दे दी है।
केतन अग्रवाल की मौत 18 जून को पुणे के पास लोहगढ़ किले से गिरने के बाद हुई थी। पुलिस इस घटना की जांच हत्या के संदेह के आधार पर कर रही है। इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
लोनावला ग्रामीण पुलिस के उपाधीक्षक (डीवाईएसपी) गजानन टोम्पे ने बताया कि मामले की जांच अभी चल रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कई लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और आगे भी लोगों से पूछताछ की जा रही है।
डीवाईएसपी गजानन टोम्पे ने बताया कि केतन अग्रवाल के परिवार का जांच में पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सिया गोयल के भाई का बयान भी दर्ज किया जा रहा है और जांच को आगे बढ़ाने के लिए सभी जरूरी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सबूत जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। जांच प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अदालत के सामने रिपोर्ट पेश की जाएगी।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि अभी जांच पूरी नहीं हुई है, इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।