हाल ही में जापान ने नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की की है। अब उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती ब्राजील के रूप में खड़ी है। स्वाभाविक रूप से राउंड ऑफ 32 में ब्लू समुराई के लिए यह अब तक का सबसे कठिन मुकाबला माना जा रहा है। मौजूदा विश्व कप में अब तक जापान के सामने इससे बड़ी चुनौती नहीं आई थी।
हालांकि प्रतिद्वंद्वी का नाम चाहे जितना भी मजबूत क्यों न हो, जापानी टीम का आत्मविश्वास बिल्कुल भी कम नहीं हुआ है। बल्कि जापान के मुख्य कोच हाजिमे मोरियासु का लक्ष्य विश्व कप के मंच पर ब्राज़ील को हराकर बड़ा उलटफेर करना है।
सोमवार (29 जून) को यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे ह्यूस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से पहले जापान के मुख्य कोच हाजिमे मोरियासु ने ब्राज़ील का सम्मान तो किया लेकिन अपनी टीम की क्षमता पर भी पूरा भरोसा जताया है। मोरियासु ने खिलाड़ियों को ब्राज़ील के खिलाफ मिली पिछली सफलता की याद भी दिलाई। जापान के पास ब्राज़ील के खिलाफ सकारात्मक अनुभव है।
पिछले वर्ष अक्टूबर में टोक्यो में खेले गए एक अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में जापान ने ब्राज़ील को 3-2 से हराया था। उसी जीत से प्रेरणा लेकर जापानी टीम विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में उतरना चाहती है।
Read Also | ब्राजील के अगले दौर में पहुंचते ही नेमार ने मेसी को बताया ‘महान दोस्त’
मैच के बारे में जापान के मुख्य कोच हाजिमे मोरियासु ने कहा कि हम आसानी से हार मानने वाली टीम नहीं हैं यह ब्राज़ील के खिलाफ पिछले मुकाबले में हमने दिखा दिया था। उस जीत ने हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ा दिया है। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार भी किया कि ब्राज़ील दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है।
इसलिए उन्होंने ब्राज़िल का पूरा सम्मान करने की बात कही। साथ ही यह भी कहा कि फुटबॉल अनिश्चितताओं का खेल है। मैच वाले दिन क्या होगा, यह पहले से नहीं कहा जा सकता। हमारे पास भी जीत हासिल करने का मौका होगा और हम इसी विश्वास के साथ मैदान में उतरेंगे।
ग्रुप चरण के अंतिम मैच में स्वीडन के खिलाफ जापान ने पहले बढ़त बनाई लेकिन बाद में वे पिछड़ भी गए। हालांकि इस मुकाबले में जापान अपने परिचित लय में नहीं दिखा। दोनों टीमों के बीच ज्यादा मुकाबला देखने को नहीं मिला। फिर भी जापान को ड्रा से कोई समस्या नहीं हुई और वे ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हुए अगले राउंड में पहुंच गए।
जापानी कोच ने कहा कि हमने एक गोल खाया, फुटबॉल में ऐसा हो सकता है। लेकिन शुरुआत से ही हमारा लक्ष्य नॉकआउट चरण में जगह बनाना था। उस लक्ष्य को पूरा कर हम खुश हैं। यह जापानी फुटबॉल की प्रगति का एक और प्रमाण है। नॉकआउट चरण में अब ब्राज़ील और जापान के आमने-सामने आने से राउंड ऑफ 32 का यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।