राज्य के नए चुनाव आयुक्त कृष्ण गुप्त को बनाया जा रहा है। इसी महीने वह सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त होने वाले हैं। राज्य के चुनाव आयुक्त के पद से राजीव सिन्हा ने पिछले साल सितंबर में अवकास ग्रहण कर लिया है। इसके बाद से ही यह पद रिक्त पड़ा हुआ था।
सिर्फ चुनाव आयुक्त ही नहीं बल्कि राज्य में नई सरकार आने के बाद आयुक्त के सचिव के पद से नीलांजन शांडिल्य ने अवकाश ले लिया था।
मार्च में उनके अवकाश लेने के बाद राज्य सरकार ने उन्हें फिर से सचिव के पद पर पुनर्बहाल किया था। नई सरकार के सत्ता में आने के बाद ही अवकाशप्राप्त कर्मचारियों के पुनर्नियुक्ति को रद्द करने का फैसला लिया गया। राज्य चुनाव आयोग में कई पद रिक्त पड़े हुए हैं।
Read Also | फिर से आबाद हो सकता है कलकत्ता स्टॉक एक्सचेंज, वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्त ने दिये संकेत
राज्य की भाजपा सरकार ने इसी साल हावड़ा में नगर निकाय चुनाव करवाने की घोषणा की थी। इसी बीच कोलकाता नगर निगम (KMC) के मेयर पद से फिरहाद हकीम ने पदत्याग कर दिया। KMC में भी प्रशासक की नियुक्ति की गयी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट रूप से बता दिया है कि कोलकाता के वार्डों का पुनर्गठन कर जल्द से जल्द चुनाव करवाया जाएगा।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद विधाननगर, चंदननगर, सिलीगुड़ी नगर निकाय के अलावा कई निकायों में चेयरमैन के पदत्याग करने की वजह से वहां प्रशासक को नियुक्त करना पड़ा है। इस वजह से ही इस साल के अंत में अथवा अगले साल के शुरुआत में राज्य के नगर निकायों में चुनाव करवाने की संभावना जतायी जा रही है।