🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

तारातला गोदाम हादसे में फिरहाद हकीम पर गंभीर आरोप, मुख्यमंत्री ने दी किसी को नहीं बख्शने की चेतावनी

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

By Moumita Bhattacharya

Jun 25, 2026 18:10 IST

पूर्व की तृणमूल सरकार के लापरवाहीपूर्ण रवैये की वजह से ही कोलकाता में तारातला जैसी घटना घटी है। सभी जगहों से रुपए लेकर आज कोलकाता को मौत का शहर बना दिया गया है। जो लोग इन सबमें जुड़े हुए हैं उनमें से किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। गुरुवार (25 जून) को विधानसभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उक्त बातें कही।

मुख्यमंत्री ने तारातला के गोदाम हादसे में KMC के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम के शामिल होने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं इस मामले में मुख्यमंत्री के आरोपों का जवाब देते हुए फिरहाद हकीम ने दावा किया निर्माण के नक्शे को पारित करने में उनका कोई हाथ नहीं था।

सिर्फ वहीं नहीं बल्कि किसी भी मेयर का नहीं होता है। बिल्डिंग प्लान की जांच संबंधित विभाग के अधिकारी करते हैं। इसमें मेयर कुछ नहीं करते हैं।

दूसरी ओर बिल्डिंग प्लान के दस्तावेज पर पूर्व मेयर फिरहाद हकीम का हस्ताक्षर है। यह दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने विधानसभा में वह दस्तावेज भी दिखाया। उन्होंने कहा कि फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट राज्य सरकार के हाथों में आ गयी है और 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।

Read Also | तारातला गोदाम हादसा : मालिक समेत 5 गिरफ्तार, मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 8, SIT गठित

क्या है मुख्यमंत्री का आरोप?

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि तारातला के जिस गोदाम की छत ढहने से 9 लोगों की मौत हो गयी, उसके बिल्डिंग प्लान को इसी साल 17 जनवरी को केएमसी ने पारित किया था।

उसमें केएमसी के इंजीनियर, एसिस्टेंट इंजीनियर, एग्जिक्यूटिव इंजीनियर का संबंध तो है ही, केएमसी के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम भी इसमें शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने चेतावनी के लहजे में कहा कि नया कानून आ रहा है। संपत्ति जब्त कर जेल भेजूंगा।

अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य की नई सरकार अवैध निर्माणों के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस की नीति लेकर चलेगी। उन्होंने कहा कि राजारहाट-न्यू टाउन, विष्णुपुर के ग्रामीण इलाके, सोनारपुर, बारुईपुर, महेशतला, बजबज और कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के सभी बिल्डिंग प्लान का ऑडिट किया जाएगा।

इसलिए 4 सप्ताह तक सभी निर्माण कार्य बंद रहेंगे। उन्होंने तारातला की घटना को पिछली सरकार के 'पाप का नतीजा' करार दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों के दौरान राहत व बचाव कार्य की किसी भी सामग्री को नहीं बदला गया है। आधुनिक यंत्र नहीं है।

इस वजह से ही बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, 'क्यों राज्य का यह सर्वनाश करके गए आपलोग?'

Read Also | तारातला गोदाम हादसे पर सियासी घमासान, दिलीप घोष बोले- जांच में बड़े नाम भी आ सकते हैं सामने

दुर्भाग्य से मैंने इंजीनियरिंग नहीं पढ़ी - फिरहाद हकीम

तारातला में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढहने के मामले में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मेयर फिरहाद हकीम को जिम्मेदार ठहराया है। इस बारे में फिरहाद हकीम ने अपनी सफाई में कहा कि इस संबंध में मुझे कुछ नहीं पता है। प्लान बिल्डिंग विभाग से पारित होता है।

दुर्भाग्य की बात है कि मैंने इंजीनियरिंग नहीं पढ़ी है। प्लान मेरे पास आना भी नहीं चाहिए। इस प्लान के बारे में मुझे कुछ पता नहीं है। कमिश्नर से होकर अंतिम अनुमोदन के लिए मेरे पास आता था। फिरहाद का कहना है कि अगर कहीं मेरा हस्ताक्षर है तो वह सिर्फ औपचारिकतावश है। म्यूनिसिपल बिल्डिंग कमेटी में कई टेक्नीकल लोग होते हैं। उस पर मेयर का कोई इख्तियार नहीं होता है।

क्या अवैध है, क्या नहीं है यह देखने का अधिकार भी नहीं है। बिल्डिंग विभाग किसे नोटिस भेज रहा है, क्या तोड़ रहा है, यह देखने का अधिकार भी नहीं होता है। पूर्व मेयर का दावा है कि उन्हें पता चला है कि इस गोदाम का निर्माण गैरकानूनी तरीके से नहीं हो रहा था। हालांकि वहां लापरवाही की बात उन्होंने स्वीकार की है।

Articles you may like: