🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

'खान क्वेस्ट 2026’ के मंगोलिया में भारतीय सेना का दम, 18 देशों के साथ कर रही संयुक्त सैन्य अभ्यास

उलानबटार में आयोजित अभ्यास का 23वां संस्करण, भारतीय सैनिकों ने गश्त, चेकपॉइंट, मानवीय सहायता और आपातकालीन बचाव जैसी रणनीतिक गतिविधियों में लिया भाग

By शिखा सिंह

Jun 25, 2026 14:57 IST

उलानबटार : भारतीय सेना ने वैश्विक शांति अभियानों में अपनी भूमिका और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। मंगोलिया की राजधानी उलानबटार स्थित फाइव हिल्स ट्रेनिंग एरिया में बहुपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘खान क्वेस्ट 2026’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भारतीय सेना भी सक्रिय रूप से भाग ले रही है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह अभ्यास का 23वां संस्करण है और इस बार यह दुनिया के बड़े शांति स्थापना प्रशिक्षण अभियानों में शामिल इस अभ्यास की 20वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित हो रहा है। इसमें 18 देशों के 1,000 से अधिक सैनिक हिस्सा ले रहे हैं।

भारतीय सेना की 40 सदस्यीय टुकड़ी इस अभ्यास में शामिल है। इसमें जाट रेजिमेंट की एक बटालियन के सैनिकों के साथ-साथ अन्य सैन्य शाखाओं और सेवाओं के जवान भी शामिल हैं। भारतीय सैनिक बहुराष्ट्रीय माहौल में संयुक्त शांति स्थापना अभियानों से जुड़े प्रशिक्षण और अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं।

यह सैन्य अभ्यास संयुक्त राष्ट्र के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अलग-अलग देशों की सेनाओं के बीच आपसी तालमेल, संचार व्यवस्था और जटिल परिस्थितियों में मिलकर कार्रवाई करने की क्षमता को मजबूत करना है।

अभ्यास के दौरान भारतीय सेना के जवान कई महत्वपूर्ण सामरिक गतिविधियों का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनमें चेकपॉइंट संचालन, गश्त अभियान, घेराबंदी और तलाशी अभियान, भीड़ नियंत्रण, संयुक्त राष्ट्र संपत्तियों की सुरक्षा, नागरिकों को मानवीय सहायता पहुंचाना, युद्ध के दौरान प्राथमिक उपचार और घायल सैनिकों को सुरक्षित निकालने जैसी प्रक्रियाएं शामिल हैं।


अभ्यास के दौरान भारतीय सेना के जवान ANI

भारतीय दल ‘महिला, शांति और सुरक्षा’ से जुड़े विशेष सत्र में भी भाग ले रहा है। इस कार्यक्रम में लैंगिक संवेदनशील शांति अभियानों, नागरिकों की सुरक्षा, समुदायों के साथ जुड़ाव और संघर्ष या संघर्ष के बाद के हालात में समावेशी दृष्टिकोण पर ध्यान दिया जा रहा है।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह अभ्यास विभिन्न देशों की सेनाओं को शांति अभियानों से जुड़े अपने अनुभव, रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं को साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। संयुक्त प्रशिक्षण के माध्यम से सैनिकों के बीच आपसी समझ, विश्वास और भविष्य के बहुराष्ट्रीय अभियानों के लिए तैयारी बेहतर हो रही है।

संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में भारत के लंबे अनुभव और महिला शांति सैनिकों के योगदान को देखते हुए भारतीय सेना की टुकड़ी इस अभ्यास में पेशेवर क्षमता, अनुशासन और परिचालन दक्षता का प्रदर्शन कर रही है।

‘खान क्वेस्ट 2026’ भारतीय सेना की वैश्विक शांति, स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह अभ्यास अलग-अलग देशों की सेनाओं को संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के लिए अधिक सक्षम और तैयार करने में मदद कर रहा है।

यह अभ्यास 20 जून से 3 जुलाई तक मंगोलिया के उलानबटार स्थित फाइव हिल्स ट्रेनिंग एरिया में आयोजित किया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार इसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय सात के तहत शांति समर्थन अभियानों में भाग लेने वाली सेनाओं के बीच सहयोग और बेहतर तालमेल विकसित करना है।

खान क्वेस्ट अभ्यास की शुरुआत वर्ष 2003 में अमेरिका और मंगोलियाई रक्षा बलों के बीच एक द्विपक्षीय सैन्य कार्यक्रम के रूप में हुई थी। इसके बाद वर्ष 2006 से इसे बहुपक्षीय शांति स्थापना अभ्यास का रूप दे दिया गया। मौजूदा संस्करण इस अभ्यास का 23वां आयोजन है।

भारतीय सेना की भागीदारी भारत की वैश्विक शांति प्रयासों में सक्रिय भूमिका और मंगोलिया के साथ रणनीतिक साझेदारी को भी दर्शाती है। इससे दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है।

Articles you may like: