🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अरुणाचल प्रदेश में फ्लैश फ्लड से तबाही, 1 की मौत, 4 अब भी लापता

खराब मौसम के बीच लापता लोगों की तलाश जारी, प्रशासन ने बढ़ाई हवाई सहायता

By प्रियंका महतो

Jun 25, 2026 14:41 IST

ईटानगर/केयी पन्योर : अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। याचुली क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और बचाव एजेंसियां लापता लोगों की तलाश में जुटी है लेकिन खराब मौसम राहत और बचाव कार्यों में बड़ी बाधा बना हुआ है।

बुधवार को लगातार मूसलाधार बारिश के बाद याचुली क्षेत्र में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे इलाके में व्यापक नुकसान और अव्यवस्था फैल गई। कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और स्थानीय प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अरुणाचल प्रदेश सरकार ने आपातकालीन हवाई सहायता सक्रिय कर दी है। भारतीय वायुसेना के सहयोग से बाढ़ प्रभावित केयी पन्योर जिले में राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया है। विशेष रूप से पूसा क्षेत्र में आई बाढ़ के बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवानों और आवश्यक उपकरणों को प्रभावित क्षेत्रों तक तेजी से पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

अरुणाचल प्रदेश के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) के अनुसार, पूसा क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ की सूचना मिलते ही राज्य के नागरिक उड्डयन विभाग को सक्रिय कर दिया गया था और उसे राहत एवं बचाव अभियानों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

केयी पन्योर जिले की उपायुक्त श्वेता नगर के अनुरोध पर नागरिक उड्डयन विभाग ने शिलांग स्थित पूर्वी वायु कमान (ईस्टर्न एयर कमांड) से संपर्क कर हवाई सहायता मांगी। इसके बाद बचाव कर्मियों और राहत सामग्री को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए समन्वित कार्रवाई शुरू की गई।

भारतीय वायुसेना ने इसके बाद एक विशेष एयर सपोर्ट मिशन शुरू किया, जिसके तहत ईटानगर कैपिटल रीजन (आईसीआर) से एसडीआरएफ के जवानों और राहत सामग्री को हवाई मार्ग से केयी पन्योर जिले के पिटापूल क्षेत्र तक पहुंचाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के कर्नल आर. मल्होत्रा और पूर्वी वायु कमान के ग्रुप कैप्टन मुकेश चौहान के मार्गदर्शन में वायुसेना की टीम ने बेहद चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद होलोंगी पहुंचकर वहां से पिटापूल तक अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

एसडीआरएफ की टीम और जरूरी राहत सामग्री को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचा दिया गया है, जहां वे स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों में लगे हुए हैं।

भारी वर्षा के कारण जिले की सड़क संपर्क व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। लगातार हो रहे भूस्खलनों ने याचुली जाने वाले प्रमुख मार्गों को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे जिले का संपर्क कई इलाकों से पूरी तरह कट गया है। कई स्थानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिसके कारण राहत दलों और प्रशासन को अतिरिक्त चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि बचाव और राहत कार्यों की जरूरतों को देखते हुए आगे भी अतिरिक्त हवाई सहायता अभियान चलाने की योजना बनाई गई है। हालात सामान्य होने तक राहत कार्यों को और तेज करने पर जोर दिया जा रहा है।

नागरिक उड्डयन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने आपात स्थिति में त्वरित हवाई सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय वायुसेना, एसडीआरएफ कर्मियों और एपीडी होलोंगी का आभार व्यक्त किया है।

प्रशासन ने केयी पन्योर की उपायुक्त श्वेता नगर, कोटो मेहता, जिला पुलिस तथा आपदा प्रबंधन टीम के प्रयासों की भी सराहना की है। अधिकारियों के अनुसार कठिन परिस्थितियों के बावजूद इन सभी टीमों ने जमीनी स्तर पर समन्वय बनाए रखते हुए राहत और बचाव अभियान को जारी रखा है।

Articles you may like: