🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अमरनाथ यात्रा 2026 से पहले जम्मू-कश्मीर प्रशासन का बड़ा फैसला, बस-टैक्सी किराया हुआ तय

श्रीनगर, जम्मू, बालटाल और पहलगाम रूट पर बस-टैक्सी के लिए तय की गई किराये की दरें

श्रीनगर : अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने यात्रियों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। तीर्थयात्रियों से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों को रोकने के लिए प्रशासन ने विभिन्न मार्गों पर बस, टैक्सी, ऑटो और ई-रिक्शा के किराये की दरें तय कर दी हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि निर्धारित किराये से अधिक रकम लेने वाले वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने जा रही है। यात्रा शुरू होने से पहले ही जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाई है। जम्मू-कश्मीर के परिवहन आयुक्त विशेष महाजन ने चेतावनी दी है कि अगर किसी वाहन से अतिरिक्त किराया वसूलने की शिकायत मिलती है तो संबंधित वाहन का परमिट रद्द किया जा सकता है।

हर साल अमरनाथ यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों से ज्यादा किराया लेने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसी को देखते हुए इस बार प्रशासन ने पहले से ही किराये की दरें तय कर दी हैं, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जम्मू-कश्मीर सरकार ने अमरनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों को ले जाने वाली बसों, टैक्सियों और ऑटो रिक्शा के लिए रूट के हिसाब से किराया निर्धारित किया है। यह नियम दूसरे राज्यों से आने वाले तीर्थयात्रियों को ले जाने वाले ई-ऑटो और ई-रिक्शा पर भी लागू होगा।

इन प्रमुख मार्गों पर इतना होगा किराया

जम्मू-कश्मीर परिवहन विभाग ने अलग-अलग रूट पर बस और टैक्सी के किराये की जानकारी जारी कर दी है।

श्रीनगर से बालटाल तक बस का किराया 175 रुपये और टैक्सी का किराया 386 रुपये तय किया गया है।

बालटाल से जम्मू तक बस का किराया 643 रुपये और टैक्सी का किराया 1421 रुपये होगा।

श्रीनगर से पहलगाम तक बस का किराया 173 रुपये और टैक्सी का किराया 384 रुपये निर्धारित किया गया है।

पहलगाम से जम्मू तक बस का किराया 434 रुपये और टैक्सी का किराया 959 रुपये रहेगा।

श्रीनगर से जम्मू तक बस का किराया 468 रुपये और टैक्सी का किराया 1035 रुपये तय किया गया है।

इसके अलावा जम्मू शहर में यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए अलग-अलग इलाकों के लिए मिनी बसों का किराया भी निर्धारित किया गया है।

ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी तय हुई दरें

प्रशासन ने सामान्य ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा के किराये की दरें भी तय कर दी हैं। इसके अनुसार सामान्य ऑटो में पहले एक किलोमीटर के लिए किराया 26 रुपये होगा। इसके बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 20 रुपये प्रति किलोमीटर देने होंगे।

वहीं ई-रिक्शा के लिए पहले किलोमीटर का किराया 25 रुपये और इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 20 रुपये तय किया गया है। यह किराया प्रति यात्री के हिसाब से लागू होगा।

ज्यादा किराया लेने वालों पर होगी कार्रवाई

परिवहन आयुक्त विशेष महाजन ने बताया कि तीर्थयात्रियों से अतिरिक्त पैसे वसूलने की शिकायतों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने श्रीनगर और जम्मू से बालटाल, श्रीनगर और जम्मू से पहलगाम तथा श्रीनगर-जम्मू जैसे महत्वपूर्ण मार्गों के लिए किराया तय किया है।

निर्धारित दर से अधिक किराया लेने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के रूट परमिट रद्द किए जा सकते हैं।

परिवहन विभाग ने कहा है कि तय किराया व्यवस्था लागू करने का उद्देश्य अमरनाथ यात्रियों के लिए पारदर्शी और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Articles you may like: