कोलकाता : आंखों के इलाज के लिए जुलाई-अगस्त महीने में विदेश यात्रा की अनुमति और उससे जुड़े शर्तों में ढील की मांग को लेकर तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने एक बार फिर कोलकाता हाईकोर्ट का रुख किया है। इस मामले में बुधवार को अदालत में शीघ्र सुनवाई की मांग भी की गई, लेकिन अदालत ने तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया और मामले में अगली सुनवाई के लिए सोमवार का दिन तय किया।
यह मामला न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की सिंगल बेंच के समक्ष आया, जहां अभिषेक बनर्जी की ओर से अदालत द्वारा पहले लगाई गई शर्तों में संशोधन की अपील की गई है। उनका कहना है कि उन्हें आंखों के इलाज के लिए विदेश जाना आवश्यक है, इसलिए पहले से तय प्रतिबंधों में ढील दी जाए।
जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी ने अदालत से यह अनुमति मांगी है कि वे जुलाई और अगस्त के दौरान विदेश जाकर अपना उपचार करवा सकें। इसी उद्देश्य से उन्होंने पहले लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने या शिथिल करने की मांग की है।
इससे पहले एक अलग मामले में चुनावी सभा के दौरान दिए गए कथित बयान—जिसमें ‘डीजे बजाने’ संबंधी टिप्पणी शामिल थी—को लेकर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। इस मामले में उन्हें कानूनी संरक्षण की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कोलकाता हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
उस याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने उन्हें कुछ शर्तों के साथ राहत दी थी, जिनमें विदेश यात्रा पर प्रतिबंध भी शामिल था। इसी शर्त में संशोधन की मांग करते हुए अब यह नया आवेदन दायर किया गया है, जिस पर अदालत ने फिलहाल शीघ्र सुनवाई से इनकार कर दिया है और अगली तारीख सोमवार निर्धारित की है।