कोलकाताः नदिया के चर्चित तमन्ना खातून हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच को नई दिशा दी है। खास बात यह है कि यह कार्रवाई तमन्ना की मां सबीना यास्मीन की मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के कुछ ही घंटों बाद हुई। दोनों नई गिरफ्तारियों के साथ मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
मंगलवार को सबीना यास्मीन ने नबान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर अपनी छह वर्षीय बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि अभी भी कई आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और उन्हें न्याय मिलने का इंतजार है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद देर रात कालीगंज पुलिस ने मुर्शिदाबाद के रेजिनगर से जियारुल शेख और नदिया के पलाशीपाड़ा से साबिर शेख को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को मामले में आरोपी माना जा रहा है और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि 23 जून 2025 को कालीगंज विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित होने के दिन हुए एक बम विस्फोट में छह साल की तमन्ना खातून की मौत हो गई थी। आरोप था कि यह बम तृणमूल कांग्रेस के विजय जुलूस के दौरान फेंका गया था। घटना के बाद शुरू हुई जांच में पुलिस पहले ही 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी थी।
तमन्ना की मां लगातार बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाती रही हैं। उन्होंने कई बार यह भी आरोप लगाया था कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में उनकी बेटी को न्याय नहीं मिल पाया। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्होंने नई सरकार और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर भरोसा जताया।
मंगलवार को विधानसभा परिसर में हुई मुलाकात में माकपा नेता मीनाक्षी मुखर्जी और माकपा विधायक मुस्तफिजुर रहमान भी सबीना यास्मीन के साथ मौजूद थे। बैठक के बाद सबीना ने मीडिया से कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें पूरा भरोसा दिया है और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
इस बीच, मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक दबाव भी बढ़ रहा है। सोमवार को वामपंथी संगठनों ने कृष्णानगर पुलिस जिला अधीक्षक अतुल वी. को ज्ञापन सौंपकर सभी दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि फरार आरोपियों को भी अगले 10 से 20 दिनों के भीतर गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।