🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

नॉर्वे मैच से पहले फ्रांस को झटका, कोच दिदिए दैश मां के निधन पर लौटे देश

2018 विश्व कप विजेता कोच की गैरमौजूदगी में फ्रांस की नजर ग्रुप में शीर्ष स्थान पर।

By शिखा सिंह

Jun 24, 2026 12:09 IST

फीफा विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रही फ्रांस की टीम को नॉर्वे के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के मुख्य कोच दिदिए दैश की मां का निधन हो गया है, जिसके बाद वह तुरंत अमेरिका से फ्रांस लौट गए हैं। ऐसे में नॉर्वे के खिलाफ होने वाले ग्रुप चरण के आखिरी मुकाबले में फ्रांस के डगआउट में दिदिए दैश नजर नहीं आएंगे।

फ्रांस फुटबॉल महासंघ (एफएफएफ) ने मंगलवार को एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी। महासंघ के मुताबिक, दिदिए दैश को मंगलवार सुबह अपनी मां के निधन की खबर मिली, जिसके बाद उन्होंने अमेरिका छोड़कर फ्रांस जाने का फैसला किया। रवाना होने से पहले उन्होंने टीम की जिम्मेदारी सहायक कोच गाय स्टेफन को सौंप दी। दैश की वापसी तक स्टेफन ही राष्ट्रीय टीम की कमान संभालेंगे।

नॉर्वे के खिलाफ शीर्ष स्थान के लिए होगी भिड़ंत

विश्व कप के ग्रुप चरण के आखिरी मुकाबले में शुक्रवार को फ्रांस का सामना एरलिंग हालैंड की टीम नॉर्वे से होगा। यह मुकाबला बोस्टन में खेला जाएगा। दोनों टीमें पहले ही अगले दौर में पहुंच चुकी हैं, लेकिन इस मैच की अहमियत इसलिए बढ़ गई है क्योंकि जीतने वाली टीम आई ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करेगी।

फ्रांस ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अपने पहले मुकाबले में सेनेगल को 3-1 से हराया था, जबकि दूसरे मैच में इराक को 3-0 से मात दी। अब फ्रांस की नजर नॉर्वे को हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज करने पर है।

हालांकि इतने महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले दिदिए दैश की गैरमौजूदगी टीम के लिए चुनौती बन सकती है। टीम को अब सहायक कोच गाय स्टेफन के मार्गदर्शन में मैदान पर उतरना होगा।

दिदिए दैश के परिवार पर पहले भी आया था दुख का समय

दिदिए दैश के लिए यह पहली बार नहीं है जब बड़े टूर्नामेंट के दौरान उन्हें निजी नुकसान का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले वर्ष 2022 में यूईएफए नेशंस लीग के दौरान उनके पिता का निधन हुआ था।

फ्रांस के लिए खिलाड़ी और कोच दोनों रूपों में विश्व कप जीतने वाले दैश को फुटबॉल जगत के सफल रणनीतिकारों में गिना जाता है। उन्होंने वर्ष 2012 में फ्रांस की राष्ट्रीय टीम के कोच का पद संभाला था।

दैश की कप्तानी में फ्रांस ने जीता था विश्व कप

दिदिए दैश के नेतृत्व में फ्रांस ने वर्ष 2018 में फीफा विश्व कप का खिताब जीता था। इसके अलावा वर्ष 2022 के विश्व कप में भी फ्रांस ने फाइनल तक का सफर तय किया था और उपविजेता रहा था।

मौजूदा विश्व कप के बाद दैश के फ्रांस के मुख्य कोच पद से हटने की खबरें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में टूर्नामेंट का यह सफर उनके लिए बतौर कोच आखिरी अभियान भी साबित हो सकता है।

Articles you may like: