नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को देश के प्रतिष्ठित पद्म श्री सम्मान से नवाजा गया है। भारतीय क्रिकेट में उनके शानदार योगदान और वर्षों की उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। मंगलवार शाम नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म पुरस्कार 2026 प्रदान किए।
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। उनकी अगुवाई में भारत ने बारबाडोस में आईसीसी टी-20 विश्व कप 2024 का खिताब जीता था। इसके बाद टीम ने दुबई में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी ट्रॉफी अपने नाम की।
वनडे क्रिकेट में रोहित का शानदार रिकॉर्ड
रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने 285 वनडे मुकाबलों में 11,720 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 48.83 और स्ट्राइक रेट 92.97 रहा है।
रोहित के नाम वनडे क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं। उन्होंने वनडे इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर 264 रन बनाया है। इसके अलावा वह तीन दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हैं।
टेस्ट और टी-20 में भी छोड़ी अमिट छाप
रोहित शर्मा ने वर्ष 2013 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने भारत के लिए 67 टेस्ट मैच खेले और 4,301 रन बनाए। टेस्ट करियर में उनके नाम 12 शतक और 18 अर्धशतक दर्ज हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2019 में लगाया गया 212 रन उनका टेस्ट क्रिकेट का सर्वोच्च स्कोर है।
टी-20 क्रिकेट में भी रोहित का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने वर्ष 2007 में इस प्रारूप में डेब्यू किया था और 159 मुकाबलों में 4,231 रन बनाए। वर्ष 2024 में टी-20 विश्व कप जीतने के बाद वह इस प्रारूप से संन्यास लेने वाले खिलाड़ी बने। रोहित ने अपने करियर में दो टी-20 विश्व कप खिताब जीते, जिसमें पहला खिताब 2007 में बतौर खिलाड़ी और दूसरा 2024 में कप्तान के रूप में हासिल किया।