फाॅक्सबोरो : फीफा विश्व कप 2026 में अपने दूसरे मुकाबले से पहले इंग्लैंड की टीम को बड़ी राहत मिली है। टीम के मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल ने पुष्टि की है कि घाना के खिलाफ होने वाले मैच से पहले टीम के सभी खिलाड़ी चयन के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि मिडफील्डर बुकायो साका भी अपनी चोट से पूरी तरह उबर रहे हैं और अब बिना किसी परेशानी के अभ्यास कर रहे हैं।
अमेरिका के फॉक्सबरो में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए थॉमस ट्यूशेल ने कहा कि टीम में किसी भी खिलाड़ी को लेकर चोट की कोई समस्या नहीं है। सभी खिलाड़ियों ने बिना किसी रोक-टोक के प्रशिक्षण में हिस्सा लिया है।
साका की फिटनेस पर ट्यूशेल ने दी अपडेट
इंग्लैंड के कोच ने बुकायो साका की फिटनेस को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्सेनल के इस स्टार खिलाड़ी की स्थिति लगातार बेहतर हो रही है और अब वह अपनी गतिविधियों को पहले से ज्यादा सहज महसूस कर रहे हैं।
ट्यूशेल ने बताया कि साका को अब किसी तरह का दर्द महसूस नहीं हो रहा है और उन्होंने पिछले दो दिनों में टीम के दोनों प्रशिक्षण सत्रों में पूरी क्षमता के साथ हिस्सा लिया।
शुरुआती प्लेइंग इलेवन को लेकर अभी फैसला नहीं
हालांकि थॉमस ट्यूशेल ने यह स्पष्ट नहीं किया कि घाना के खिलाफ मुकाबले में बुकायो साका को शुरुआती ग्यारह में मौका मिलेगा या नहीं। उन्होंने कहा कि साका खेलने के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि वह मैच की शुरुआत करेंगे या बेंच से मैदान पर उतरेंगे।
चोट के कारण पहले मैच में सीमित समय मिला था
इससे पहले बुकायो साका ने इंग्लैंड के साथ दोबारा पूरा प्रशिक्षण शुरू किया था। वह रविवार को मैसाचुसेट्स के फॉक्सबरो में टीम के साथ ग्रुप ट्रेनिंग में लौटे थे। इससे पहले वह अलग से अभ्यास कर रहे थे, क्योंकि इंग्लैंड की मेडिकल टीम विश्व कप के अहम चरणों को देखते हुए उनके वर्कलोड को सावधानी से संभाल रही थी।
साका की फिटनेस को लेकर चिंता उस समय बढ़ गई थी, जब क्रोएशिया के खिलाफ इंग्लैंड की 4-2 की जीत में उन्हें केवल 18 मिनट के लिए बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी मैदान पर उतारा गया था। हालांकि हालिया प्रशिक्षण सत्र में 24 वर्षीय साका पूरी तरह सहज नजर आए, जिससे इंग्लैंड के कोच और टीम प्रबंधन को राहत मिली है।
घाना के खिलाफ अहम मुकाबले में साका से उम्मीदें
इंग्लैंड के लिए बुकायो साका की वापसी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। घाना के खिलाफ ग्रुप एल के मुकाबले में टीम की आक्रमण क्षमता को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम हो सकती है।
इंग्लैंड फिलहाल पहले दौर के मुकाबलों के बाद ग्रुप एल में शीर्ष स्थान पर है। टीम मंगलवार को घाना से भिड़ेगी और इसके बाद ग्रुप चरण के आखिरी मुकाबले में पनामा का सामना करेगी।