उमस वाली भीषण गर्मी से राहत मिल चुकी है। लगातार हो रही मध्यम बारिश होने की वजह दक्षिण बंगाल का मौसम ठंडा हो गया है। सुबह के समय हल्की चादर ओढ़ने, पंखा की स्पीड को कम करने और एसी का तापमान थोड़ा बढ़ा देने की स्थिति पैदा हो गयी है।
लेकिन उत्तर बंगाल में लगातार हो रही अतिभारी बारिश की वजह से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। कई रास्ते बंद हो गए हैं। पर्यटकों को भी भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी परिस्थिति में मंगलवार (23 जून) को कोलकाता का मौसम कैसा रहेगा? कौन से जिलों में फिर से गर्मी बढ़ेगी और कहां बारिश होने का पूर्वानुमान है?
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज (23 जून) कोलकाता के आकाश में हल्के बादल छाए रहेंगे। हल्की उमस की वजह से गर्मी भी महसूस होगी। लेकिन कल यानी 24 जून को कोलकाता व आसपास के उपनगरीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान महानगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है।
Read Also | कैसा रहेगा कोलकाता समेत उत्तर और दक्षिण बंगाल में आज और अगले 3 दिनों का मौसम? जानिए यहां
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसकी वजह से तापमान में भी गिरावट होगी। हालांकि उमस बने रहने की वजह से गर्मी बने रहने की पूरी संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि स्थल भाग में जलवाष्प के प्रवेश की वजह से उमस वाली तीखी गर्मी महसूस हो सकती है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब से बिहार तक फैला मानसूनी अक्षरेखा हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। इसके साथ ही पूर्व बिहार से गांगेय पश्चिम बंगाल के तटवर्तीय इलाकों तक एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है।
बताया जाता है कि इसके प्रभाव से ही बुधवार (24 जून) की शाम के बाद से लेकर गुरुवार (25 जून) तक दक्षिण बंगाल में फिर से बारिश और आंधी की संभावना है। खासतौर पर पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
Read Also | बंगाल में शुरू हुई 'प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना', कैसे करे आवेदन और मिलेगी कौन सी सुविधाएं?
बात अगर उत्तर बंगाल की करें तो यहां भी तेज बारिश होने की आशंका बनी हुई है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कुचबिहार और अलीपुरदुआर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही तेज हवाएं बहेगी।
बताया जाता है कि शुक्रवार (26 जून) से बारिश की मात्रा बढ़ सकती है। 27 जून (शनिवार) को उत्तर बंगाल के 5 जिलों दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरदुआर, कुचबिहार और जलपाईगुड़ी में अति भारी बारिश होने का मौसम विभाग ने ऑरेंज व लाल चेतावनी जारी किया है।