विधानसभा में जब राज्य की भाजपा सरकार अपना पहला बजट पेश कर रही थी, वहीं दूसरी ओर विरोधी पार्टी का एक प्रकार से सांगठनिक नियंत्रण ऋतव्रत बनर्जी ने अपने हाथों में लेने का दावा किया जा रहा है।
न्यूटाउन के एक 5 स्टार होटर में ऋतव्रत बंद्योपाध्याय के गुट ने 'ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस स्पेशल सेशन' में पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी को हटाकर तृणमूल की नई कमेटी की घोषणा की। इसके साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक बनर्जी को भी पार्टी से सस्पेंड करने की घोषणा इसी बैठक में की गयी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस बैठक में सबसे अधिक गौर करने वाली बात रही कि पार्टी के इस विशेष अधिवेशन में पार्टी सुप्रीमो की ही कोई तस्वीर नहीं थी। यहां तक कि बैनर से अभिषेक बनर्जी की फोटो भी नदारद ही रही। तृणमूल के चुनाव चिन्ह के पास रवींद्र नाथ टैगोर, महात्मा गांधी और बी. आर. अम्बेडकर की फोटो लगायी गयी थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बैठक के दौरान पार्टी के संविधान की 20 नंबर धारा का उल्लेख करते हुए ऋतव्रत बंद्योपाध्याय ने कहा कि साल 2022 के बाद 3 साल बीत जाने के बावजूद पार्टी की राष्ट्रीय वर्किंग कमेटी का गठन नहीं किया गया है। इस नियम के आधार पर ही कुल 30 सदस्यों के लिए एक नई कमेटी का गठन किया गया है।
Read Also | कोलकाता के पास नया ग्रीनफिल्ड एयरपोर्ट, राज्य के कई शहरों में एयरपोर्ट व दौड़ेगी मेट्रो
पार्टी की नई एग्जिक्यूटिव कमेटी का सदस्य कौन?
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार ऋतव्रत बनर्जी के गुट वाली तृणमूल की एग्जिक्यूटिव कमेटी का चेयरपर्सन हावड़ा मध्य विधानसभा केंद्र के विधायक अरुप राय को बनाया गया है। वाइस चेयरमैन फिरहाद हकीम, अरुप विश्वास रथिन घोष को किया गया है। वहीं सचिव जावेद खान, संदीपन साहा, ऋतव्रत बंद्योपाध्याय और सबिना यास्मिन को बनाया गया है।
ममता बनर्जी की क्या है भूमिका?
विरोधी पार्टी के नेता ऋतव्रत बनर्जी ने स्पष्ट करते हुए कहा कि ममता बनर्जी को किसी सक्रिय पद पर नहीं रखा गया है बल्कि उन्हें 'परामर्शदाता' अथवा मेंटॉर के पद पर वह रखना चाहते हैं। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक में शामिल होने वाले नेताओं में जुईं विश्वास, तारक सिंह, असीम बसु, काकोली सेन के साथ ही पूर्व मेयर व विधायक फिरहाद हकीम और जावेद खान भी मौजूद थे।
दावा किया जा रहा है कि इस बैठक में 60 से 70 पार्षद मौजूद थे जिसमें से कोलकाता के 50 शामिल थे। इसके अलावा बीरभूम से काजल शेख, बहरमपुर, दमदम और उत्तरपाड़ा के कई पार्षद व नेता शामिल हुए। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रीय कमेटी के 10 सदस्यों के साथ इस कमेटी ने अपना अलग पार्टी ऑफिस लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।