🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

छिंदवाड़ा सड़क हादसा: मजदूरों से भरे पिकअप की ट्रक से टक्कर, 6 की मौत

छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर बड़ा हादसा, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुआवजे का ऐलान किया

By प्रियंका महतो

Jun 22, 2026 17:08 IST

भोपाल : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 20 मजदूर घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब मजदूरों को ले जा रहा एक पिकअप वाहन ट्रक से टकरा गया। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल राहत एवं उपचार की व्यवस्था शुरू की।

यह दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेमनी खुर्द गांव के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल छिंदवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के निर्देश पर अस्पताल में आपातकालीन व्यवस्थाएं की गईं। अब तक 20 घायल अस्पताल पहुंच चुके हैं, जिनका इलाज जारी है। इनमें से एक गंभीर रूप से घायल मरीज को बेहतर उपचार के लिए नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

डॉ. सुशील दुबे के अनुसार हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, जिनमें चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान जिले के मछेरा गांव निवासी बाब्बू राजबैठा (35), संतोष सावनेरे (45), सावित्री बांके (31), शिवकली (45), लीलावती शीलू (45) और शक्रवर्ती शीलू (45) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि सभी घायलों का जिला अस्पताल में समुचित उपचार किया जा रहा है। अस्पताल में पुलिस विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद हैं तथा पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं।

सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि घायलों के इलाज के लिए 20 से 25 डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है। वर्तमान में 10 मरीज महिला सर्जिकल वार्ड में भर्ती हैं, तीन मरीज सर्जिकल आईसीयू में है, चार मरीज आर्थोपेडिक वार्ड में उपचाराधीन हैं और तीन मरीज सामान्य वार्ड में भर्ती हैं। इनमें एक मरीज क्रश इंजरी से पीड़ित है।

इस बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तेमनी खुर्द के पास छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाए। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संदेश में कहा कि उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। घायलों के उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।

Articles you may like: