वैंकूवरः मिस्र ने फीफा विश्व कप में अपने इतिहास की पहली जीत दर्ज करते हुए न्यूजीलैंड को 3-1 से हराकर बड़ा मुकाम हासिल किया। बीसी प्लेस स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सलाह ने निर्णायक गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई और फिर मिस्र ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया।
अंतिम सीटी बजते ही मैदान और दर्शक दीर्घा में जश्न का माहौल बन गया। लाल रंग की जर्सी पहने मिस्र के समर्थक देर तक गीत गाते रहे, जबकि खिलाड़ी मैदान पर नाचते हुए अपनी ऐतिहासिक सफलता का उत्सव मनाते नजर आए। मुख्य कोच होसाम हसन और उनके सहयोगी ने मिस्र का राष्ट्रीय ध्वज लेकर मैदान का चक्कर लगाया और प्रशंसकों का अभिवादन किया।
मुकाबले की शुरुआत हालांकि न्यूजीलैंड के पक्ष में रही। 15वें मिनट में फिन सुरमैन ने टिम पेन के कॉर्नर पर शानदार हेडर लगाकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका तीसरा गोल था। पहले हाफ में मिस्र को बराबरी का अवसर मिला, लेकिन 35वें मिनट में ओमर मरमूश के फ्री-किक पास पर मोहम्मद सलाह का प्रयास गोलपोस्ट के बाहर चला गया। परिणामस्वरूप मिस्र मध्यांतर तक पिछड़ा रहा।
ब्रेक के दौरान कोच होसाम हसन ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और टीम ने दूसरे हाफ में पूरी ताकत झोंक दी। इसका असर 58वें मिनट में दिखा, जब मोस्तफा जिको ने हेडर के जरिए बराबरी का गोल दाग दिया। गोलकीपर मैक्स क्रोकॉम्बे गेंद को छू तो पाए, लेकिन उसे रोक नहीं सके। गोल के बाद जिको ने दर्शकों को और जोरदार समर्थन के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद 67वें मिनट में मोहम्मद सलाह ने अपना जादू दिखाया। मोस्तफा जिको के बैक-हील पास को उन्होंने शानदार तरीके से गोल में बदलकर मिस्र को 2-1 की बढ़त दिला दी। यह सलाह का अंतरराष्ट्रीय करियर का 68वां गोल था। गोल करने के बाद उन्होंने मुट्ठी भींचकर जश्न मनाया और साथी खिलाड़ियों ने उन्हें घेर लिया। 85वें मिनट में मैदान से बाहर जाते समय उन्हें दर्शकों की ओर से स्टैंडिंग ओवेशन मिला।
मिस्र की जीत को 82वें मिनट में त्रेजेगेट ने डाइविंग हेडर के जरिए पक्का कर दिया। इस गोल के साथ स्कोर 3-1 हो गया और न्यूजीलैंड की वापसी की उम्मीद खत्म हो गई।
मैच के दौरान मिस्र को एक झटका भी लगा, जब हम्दी फाथी पहले हाफ के अंत में चोटिल होकर मैदान छोड़ने पर मजबूर हुए। उनकी जगह रामी राबिया को उतारा गया।
इस जीत के साथ मिस्र ग्रुप-जी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है, हालांकि नॉकआउट दौर में उसकी जगह अभी सुनिश्चित नहीं हुई है। अब उसे शुक्रवार को सिएटल में ईरान के खिलाफ निर्णायक मुकाबला खेलना है, जहां अगले चरण में पहुंचने के लिए कम से कम ड्रॉ की जरूरत होगी।
मिस्र चौथी बार विश्व कप में हिस्सा ले रहा है। 2018 विश्व कप में मोहम्मद सलाह ने दो गोल किए थे, जबकि कतर में हुए पिछले संस्करण में टीम जगह नहीं बना सकी थी।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम अभी भी विश्व कप में अपनी पहली जीत की तलाश में है। टीम के अनुभवी खिलाड़ी क्रिस वुड ने कहा कि बेल्जियम के खिलाफ अगला मुकाबला बेहद कठिन होगा, लेकिन टीम अब भी अगले दौर में पहुंचने की उम्मीद नहीं छोड़ रही है।
ग्रुप के दूसरे मुकाबले में ईरान और बेल्जियम ने गोलरहित ड्रॉ खेला। दोनों टीमों के खाते में अब लगातार दो-दो ड्रॉ हैं, जिससे ग्रुप-जी में अंतिम दौर के मुकाबले और रोमांचक हो गए हैं।