घर है या सोने की खान! जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार तृणमूल नेता व पार्षद सब्यसाची दत्त की करीबी तृणमूल नेता व नदिया जिला परिषद की सदस्य टीना भौमिक के घर से करीब 2 किलो सोने के गहने बरामद हुए हैं। इन गहनों का बाजार मूल्य आनुमानिक ₹4 करोड़ बताया जाता है।
सोमवार (22 जून) की रात को सब्यसाची दत्त को साथ लेकर नदिया के तेहट्ट में स्थित टीना के घर पर पुलिस ने छापेमारी की। हालांकि उक्त तृणमूल नेता मौके से फरार बतायी जाती है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।
गत 8 जून जबरन रुपए वसूलने के आरोप में तृणमूल नेता सब्यसाची दत्त को विधाननगर दक्षिण थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी भी बने थे लेकिन जीत नहीं पाए।
Read Also | कोलकाता के पास नया ग्रीनफिल्ड एयरपोर्ट, राज्य के कई शहरों में एयरपोर्ट व दौड़ेगी मेट्रो
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी के बाद उनके कई ठिकानों पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संपत्ति का पता चला। 5 बैंक अकाउंट के बारे में भी जानकारी मिली है। इसके बाद ही सब्यसाची दत्त से पूछताछ कर उनके करीबियों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली।
इसके बाद 22 जून की देर रात को सब्यसाची दत्त को साथ लेकर नदिया जिला परिषद की सदस्य व तृणमूल नेता टीना भौमिक साहा के घर पर पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।
आरोप है कि मामला बिगड़ते देखकर टीना भौमिक तुरंत मौके से फरार हो गयी। उनके घर पर चली तलाशी अभियान में पुलिस को लगभग 3 किलो सोने के गहने मिले। इसके साथ ही बताया जाता है कि उनके पिता के घर पर भी तलाशी ली गयी।
पुलिस और स्थानीय निवासियों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार टीना भौमिक साहा तृणमूल की बंग जननी वाहिनी की नदिया जिला की अध्यक्ष थी। पिछली लोकसभा चुनाव से ठीक पहले तृणमूल ने नदिया जिला पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी थी।
Read Also | दुकानों के बाहर कचरा मिला तो लगेगा जुर्माना, अग्निमित्रा पॉल ने दुकानदारों को चेताया
उसके बाद से वह सब्यसाची दत्त की करीबी बतायी जाती हैं। फिलहाल विधाननगर थाना की पुलिस टीना की तलाश में अभियान चला रही है। हालांकि उनके घर से बरामद भारी मात्रा में सोने के गहनों का कौन मालिक है, इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं मिल सकी है।
जांच अधिकारी अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये गहने उनकी व्यक्तिगत संपत्ति थी अथवा किसी पहचान वाले ने उनके घर पर रखवाया था।
साथ ही सब्यसाची दत्त के खिलाफ दायर जबरन वसूली के मामले के साथ इन गहनों का कोई संपर्क है या नहीं, इसकी जांच भी की जा रही है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभी टीना को गिरफ्तार अगर नहीं भी किया गया तो उनसे पूछताछ की जा सकती है। इस बारे में कृष्णनगर के पुलिस सुपर अतुल वी. ने कहा कि तलाशी के समय टीना घर पर नहीं थीं। उनकी तलाश की जा रही है।