व्यवसायी की पारिवारिक संपत्ति पर जबरदस्ती दखल करने और 50 लाख रुपए से अधिक के वित्तीय धोखाधड़ी मामले में कोलकाता नगर निगम के पूर्व डेप्यूटी मेयर अतिन घोष और उनकी बेटी प्रियदर्शिनी घोष को नोटिस भेजा गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस सप्ताह ही उन्हें विधाननगर उत्तर थाना में हाजिर होने का समन भेजा गया है। हालांकि मीडिया के सामने अतिन घोष ने दावा किया कि अभी तक उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है।
मिली जानकारी के अनुसार ईएम बाईपास से सटे मेट्रोपॉलिटन इलाके में करीब 4 करोड़ मूल्य के एक मकान को केंद्र कर ही समस्या की शुरुआत हुई है। हाल ही में सॉल्टलेक निवासी होटल व्यवसायी कमलिनी पाल ने विधाननगर उत्तर थाना में इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज करवायी थी।
Read Also | अभिषेक बनर्जी की विदेश यात्रा याचिका पर हाईकोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार
इसके बाद ही अतिन घोष, उनकी बेटी प्रियदर्शिनी घोष और दामाद शान बावा के नाम पर आर्थिक धोखाधड़ी, जबरन दखल करने और डराने-धमकाने जैसे आपराधिक षड्यंत्रों की कई धाराओं में मामला दायर कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता महिला का दावा है कि साल 2017 में एक परिचित व्यक्ति के माध्यम से मेट्रोपॉलिटन इलाके में उक्त मकान को देखने अतिन घोष और उनकी बेटी प्रियदर्शिनी आए थे। महिला व्यवसायी का दावा है कि जब उन्होंने उक्त मकान को बेचने से इनकार कर दिया तो इसके बाद से ही अपनी राजनीतिक क्षमता का इस्तेमाल कर उनपर मकान को बेचने का दबाव बनाया जाने लगा।
आरोप है कि साल 2017 में अतिन घोष और उनकी बेटी प्रियदर्शिनी ने जबरदस्ती घर में घुसकर उक्त व्यवसायी से घर बेचने के दस्तावेजों पर दस्तखत करवा लिए। आरोप है कि उनके बैंक अकाउंट में 25 लाख रुपए के दो चेक यानी कुल 50 लाख रुपए जमा कर दिए गए जो इस मकान के बाजार मूल्य से काफी कम था।
Read Also | नवंबर में दुल्हन बनने वाली थी अनामिका, लखनऊ अग्निकांड ने छीन लिए सारे सपने
महिला व्यवसायी का आरोप है कि जब भी मकान को खाली करने के लिए कहा गया तब उन्हें जान से मारने की धमकी दी गयी और लोगों को भेजकर धमकाया गया।
राज्य की सत्ता परिवर्तित होने के बाद आखिरकार सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज करवाया। हालांकि अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को पूर्व डेप्यूटी मेयर अतिन घोष ने मानने से इनकार कर दिया है।
उन्होंने कहा कि अगर कानून के मुताबिक पुलिस मामले की जांच करती है तो हर प्रकार से सहयोग करूंगा।