🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

यूएस ओपन 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार आगाज, कई खिलाड़ियों ने अगले दौर में बनाई जगह

किदांबी श्रीकांत ने 30 मिनट में जीता मुकाबला, यूएस ओपन में भारतीय चुनौती मजबूत।

By रजनीश प्रसाद

Jun 25, 2026 15:03 IST

फुलर्टन (अमेरिका) : अमेरिका के फुलर्टन में खेले जा रहे यूएस ओपन बैडमिंटन 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अभियान की सफल शुरुआत की है। विश्व जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तान्वी शर्मा, थाईलैंड मास्टर्स चैंपियन देविका सिहाग, युवा खिलाड़ी रौनक चौहान और पांचवीं वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।

महिला एकल वर्ग में तान्वी शर्मा ने जर्मनी की यवोन ली को 23-21, 21-16 से हराया। मुकाबले के पहले गेम में कड़ी चुनौती मिलने के बावजूद तान्वी ने धैर्य बनाए रखा और सीधे गेमों में जीत दर्ज की। दूसरी ओर, देविका सिहाग ने पेरू की इनेस लूसिया कास्टिलो को 21-14, 21-14 से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया।

पुरुष एकल में दो भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में उभरते सितारे रौनक चौहान ने पूर्व विश्व जूनियर रजत पदक विजेता एस. शंकर मुथुसामी को 23-21, 21-16 से मात दी। इसके बाद किदांबी श्रीकांत ने अपने हमवतन डी. सनीथ के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन करते हुए मात्र 30 मिनट में 21-14, 21-12 से जीत हासिल की।

महिला एकल में रक्षिता श्री ने भी अगले दौर में जगह बनाई। उन्होंने चेक गणराज्य की टेरेज़ा स्वाबिकोवा को 21-15, 21-8 से हराया। वहीं मिश्रित युगल वर्ग में सातवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ध्रुव रावत और के. मनीषा ने इंडोनेशिया के विरावन इहसान आदम और सेरेना कानी को केवल 26 मिनट में 21-15, 21-16 से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया।

इस बीच, भारत ने जापान के यत्सुशिरो में 26 जून से 5 जुलाई तक होने वाली बैडमिंटन एशिया जूनियर (अंडर-19) चैंपियनशिप के लिए भी अपनी मजबूत टीम की घोषणा कर दी है। इस दल का नेतृत्व जूनियर रैंकिंग पदक विजेता तान्वी पात्री और अभिनव गर्ग करेंगे। प्रतियोगिता में 26 से 30 जून तक टीम स्पर्धाएं होंगी, जबकि इसके बाद व्यक्तिगत मुकाबले खेले जाएंगे।

पिछले वर्ष यानी 2025 में भारत ने इस प्रतियोगिता के लड़कियों के एकल वर्ग में दो कांस्य पदक जीते थे। इस बार भारतीय टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

भारतीय टीम

बालक एकल: अभिनव गर्ग, देव रूपारेलिया, जगशेर सिंह खंगुरा, ध्यान संतोष।

बालिका एकल: तान्वी पात्री, तान्वी रेड्डी अंडलुरी, आदर्शिनी श्री एन. बी., शाइना मणिमुथु।

पुरुष युगल: पवन एस./पुनीत एस., अमरजीत सिंह ख्वैराकपम/दिव्यांश अग्रवाल।

महिला युगल: दिया भीमैय्या बी./बरूनी पराशवाल, दुर्गा ईशा कंद्रापु/कीर्ति मंचला।

मिश्रित युगल: पुनीत एस./दीपक राज अदिति, ब्योर्न जैसन/डियांका वाल्डिया।

Articles you may like: