🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

झारखंड टी-20 लीग में छोटानागपुर रॉयल्स बना पहला चैंपियन, फाइनल में जमशेदपुर स्टीलर्स को 7 विकेट से हराया

180 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल्स ने 17.2 ओवर में हासिल की शानदार जीत।

By शिखा सिंह

Jun 24, 2026 16:16 IST

रांची : झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग के पहले सीजन का खिताब छोटानागपुर रॉयल्स ने अपने नाम कर लिया है। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर स्टीलर्स को 7 विकेट से मात दी और टूर्नामेंट का पहला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

जमशेदपुर स्टीलर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 180 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। हालांकि छोटानागपुर रॉयल्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 17.2 ओवर में 184 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जमशेदपुर स्टीलर्स की पारी की शुरुआत कुमार करण (28 रन) और कप्तान कुमार देबव्रत (39 रन) ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 32 रन जोड़े, लेकिन करण के आउट होने के बाद टीम को लगातार झटके लगे। मध्यक्रम लड़खड़ाने के कारण स्टीलर्स का स्कोर 11.5 ओवर में 90 रन पर 5 विकेट हो गया था।

इसके बाद हर्ष राणा ने मैदान पर आकर मुकाबले का रुख बदल दिया। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए केवल 26 गेंदों में शानदार 64 रन बनाए और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनकी पारी में दमदार शॉट्स देखने को मिले, जिससे स्टीलर्स मुकाबले में बने रहे।

छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में दुर्गेश कुमार ने 1 विकेट लेकर 15 रन दिए। सुप्रियो चक्रवर्ती ने 1 विकेट पर 19 रन, चंदन कुमार मुखी ने 1 विकेट पर 23 रन, विकास सिंह ने 1 विकेट पर 37 रन और राहुल राजक ने 1 विकेट लेकर 62 रन खर्च किए।

181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के कप्तान विराट सिंह केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद एमडी नाजिम सिद्दीकी ने मोर्चा संभाला और 24 गेंदों में 38 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को शुरुआती गति दी।

इसके बाद कुमार कुशाग्र और हिमांशु द्विवेदी ने शानदार साझेदारी कर मैच पूरी तरह रॉयल्स के पक्ष में कर दिया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 110 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। हिमांशु द्विवेदी ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि कुमार कुशाग्र ने आक्रामक अंदाज जारी रखते हुए केवल 39 गेंदों में नाबाद 78 रन ठोक दिए।

कुशाग्र और द्विवेदी की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर छोटानागपुर रॉयल्स ने 17.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 184 रन बना लिए और ऐतिहासिक खिताब अपने नाम कर लिया।

जमशेदपुर स्टीलर्स के गेंदबाज अमन कुमार सिंह ने 2 विकेट लेकर 24 रन दिए, जबकि अनुराग सिंह सेंगर ने 1 विकेट हासिल किया, लेकिन उनकी कोशिशों पर रॉयल्स की मजबूत बल्लेबाजी भारी पड़ गई।

फाइनल मुकाबले के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार कुमार कुशाग्र को दिया गया। वहीं सीजन के उभरते खिलाड़ी का अवॉर्ड प्रत्युष कुमार को मिला, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 12 विकेट लिए।

टूर्नामेंट के अन्य पुरस्कारों में विराट सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने सबसे ज्यादा 395 रन बनाए और ऑरेंज कैप भी अपने नाम की। प्रीतिक रंजन ने 17 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती। सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड विराट सिंह के नाम रहा, जबकि सबसे ज्यादा छक्के उत्कर्ष सिंह ने लगाए। टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ कैच रॉबिन मिंज ने पकड़ा।

Articles you may like: