नई दिल्ली : आईसीसी पुरुष टेस्ट रैंकिंग में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने एक बार फिर टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है। वहीं न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ गेंदबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज के द ओवल टेस्ट के बाद यह बदलाव हुआ। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 253 रनों से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली थी।
जो रूट ने द ओवल टेस्ट में 46 और 77 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। इस प्रदर्शन के बाद उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी हैरी ब्रूक और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। यह 12वीं बार है जब जो रूट टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 बने हैं।
रूट और हैरी ब्रूक पिछले 18 महीनों में छह बार नंबर-1 बल्लेबाज की जगह बदल चुके हैं। इससे पहले जो रूट ने न्यूजीलैंड के केन विलियमसन को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया था। विलियमसन यॉर्कशायर के लिए भी खेल चुके हैं।
न्यूजीलैंड के गेंदबाज मैट हेनरी ने भी द ओवल टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच में कुल 11 विकेट लेकर 109 रन दिए, जिसके बाद वह जसप्रीत बुमराह के साथ 870 रेटिंग अंकों के साथ गेंदबाजी रैंकिंग में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए।
आईसीसी के अनुसार 870 रेटिंग अंक हासिल करना न्यूजीलैंड के किसी गेंदबाज का दूसरा सबसे बड़ा प्रदर्शन है। इससे पहले महान तेज गेंदबाज रिचर्ड हेडली ने 1985 में 909 रेटिंग अंक हासिल किए थे।
टेस्ट इतिहास में न्यूजीलैंड के सिर्फ दो खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी या गेंदबाजी में 870 से ज्यादा रेटिंग अंक हासिल किए हैं। बल्लेबाजों में केन विलियमसन ने 2021 में 919 रेटिंग अंक बनाए थे, जबकि गेंदबाजों में हेनरी का यह प्रदर्शन ऐतिहासिक है।
जसप्रीत बुमराह नवंबर 2024 में कगिसो रबाडा को पीछे छोड़ने के बाद अकेले नंबर-1 गेंदबाज बने हुए थे। अब मैट हेनरी के शानदार प्रदर्शन के बाद दोनों गेंदबाज संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।
द ओवल टेस्ट के बाद गेंदबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर और जैकब बेथेल को भी फायदा हुआ है। आर्चर छह स्थान ऊपर चढ़कर 50वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि जैकब बेथेल 29 स्थान की छलांग लगाकर 85वें नंबर पर आ गए हैं।
वनडे रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों को फायदा मिला है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीन स्थान की बढ़त हासिल की है और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
शुभमन गिल को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 238 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। भारत ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी।
वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन ने भी बड़ी छलांग लगाई है। वह 21 स्थान ऊपर बढ़कर 43वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 84 स्थान की लंबी छलांग लगाते हुए 71वां स्थान हासिल किया है।
अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी भी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में चार स्थान ऊपर चढ़कर 52वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को भी फायदा मिला है। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के आखिरी मुकाबले में पांच विकेट लेने के बाद वह 92वें स्थान से संयुक्त रूप से 58वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
वहीं भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने 16 स्थान की सुधार करते हुए 22वां स्थान हासिल किया है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में पांच विकेट लिए थे। अफगानिस्तान के ऑफ स्पिनर एएम गजनफर भी तीन स्थान ऊपर चढ़कर 71वें नंबर पर पहुंच गए हैं।