🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अस्पताल में चिकित्साधीन दो घायलों की मौत के साथ तारातला गोदाम हादसे में मरने वालों की संख्या 15 पर पहुंची

तारातला हादसे में बुधवार की दोपहर से लेकर अब तक करीब 33 लोगों को मलबे के नीचे से बाहर निकाला जा चुका है।

By Moumita Bhattacharya

Jun 26, 2026 10:34 IST

हादसे के दो दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक लोहे के मोटे और भारी खंभों को काटकर, कंक्रीट के भारी टुकड़ों और स्लैब को हटाकर जिंदगी की तलाश की जा रही है। बुधवार (24 जून) की दोपहर को ताश के पत्तों की तरह भरभरा कर तारातला में गोदाम की छत ढहने के बाद युद्धकालिन तत्परता के साथ राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था।

बुधवार की दोपहर से लेकर अब तक करीब 33 लोगों को मलबे के नीचे से बाहर निकाला जा चुका है। लेकिन अभी भी काफी लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की संभावना जतायी जा रही है।

हादसे के दो दिनों बाद यानी शुक्रवार (26 जून) की सुबह तक इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 15 पर पहुंच गयी है। तारातला के बी2 ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर गोदाम की छत ढहनेसे यह हादसा हुआ जिसमें धीरे-धीरे मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है।

Read Also | तारातला गोदाम हादसे में फिरहाद हकीम पर गंभीर आरोप, मुख्यमंत्री ने दी किसी को नहीं बख्शने की चेतावनी

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार (25 जून) की रात को दुर्घटनास्थल से 2 शव बरामद हुए। हालांकि अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है।

इसके साथ ही 26 जून की भोर में SSKM अस्पताल में इलाजरत 2 घायल, मन्नु कुमार और साहिल सरदार की मौत हो गयी है। मन्नु कुमार को 24 जून को ही मलबे से बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 25 जून की रात को उसका ऑपरेशन भी हुआ था लेकिन आखिरकार उसे बचाया नहीं जा सका।

बिहार के मुंगेर का रहने वाला 19 वर्षीय उक्त युवक तारातला के इस गोदाम में काम करने के लिए आया था। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार उसके भाई घी कुमार की पहले ही मौत हो गयी है। वहीं घायल पिता अस्पताल में इलाजरत हैं। सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में SSKM अस्पताल में इस हादसे में घायल 18 लोगों का इलाज चल रहा है।

राहत व बचाव दल के लिए चिंता का सबसे गंभीर विषय लगभग 1226 वर्गमीटर के इलाके में फैले गोदाम में यह पता लगाना कि कहीं किसी कोने में कोई जीवित व्यक्ति अपनी हर सांस के लिए लड़ाई तो नहीं लड़ रहा है।

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने X हैंडल पर एक पोस्ट शेयर कर राष्ट्रपति ने लिखा कि मैं इस हादसे में मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

बता दें, इस हादसे में प्रधानमंत्री के ऑफिस (PMO India) की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की गयी है। इसके साथ ही घायलों को 50 हजार रुपया मुआवजा दिया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कल (25 जून) को विधानसभा में मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर करने की घोषणा भी की गयी है।

Articles you may like: