3 दिनों के दौरे पर सेशेल्स गए हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। सोमवार (29 जून) को वह भारत वापस लौटने वाले हैं। इसके बाद ही केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इसी बात की चर्चाएं हो रही हैं। इसी कड़ी में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतिश कुमार का नाम भी सामने आ रहा है।
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर जब उन्होंने राज्यसभा सांसद के लिए पर्चा भरा था, तभी राजनीतिक विश्लेषकों ने दावा किया था कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में नीतिश कुमार के शामिल होने की संभावनाएं काफी प्रबल हैं।
इसके साथ ही यह भी चर्चाएं हैं कि नीतिश कुमार जैसे एक वरिष्ठ राजनेता को कोई हेवीवेट मंत्रालय ही दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में भाजपा के वरिष्ठ नेता क्या फैसला लेते हैं, इसपर ही सबकी निगाहें टिकी हुई है।
Read Also | सेशेल्स के दौरे पर दुनिया के सबसे बुजुर्ग जीव जोनाथन से मिले प्रधानमंत्री मोदी, कौन है यह?
नीतिश कुमार के अलावा जिस नाम की चर्चाएं इस समय दिल्ली की राजनीतिक गलियारों में हो रही है, वह है महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे व सांसद श्रीकांत शिंदे। अमित शाह के करीबी माने जाने वाले श्रीकांत पिछले कई महीनों से काफी मेहनत कर रहे हैं।
उनकी मेहनत का ही नतीजा रहा है कि शिवसेना (उद्धव गुट) के 6 लोकसभा सांसदों को अपने गुट में वह शामिल करवा सके हैं। इस वजह से भी कयास लगाए जा रहे हैं कि श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इसके अलावा आप का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले राघव चड्ढ़ा का। वह भी अपने साथ 6 आप सांसदों को भाजपा में लेकर आए थे।
इसका इनाम देते हुए राघव चड्ढ़ा को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। माना जा रहा है कि यह फैसला अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव पर भी असर डाल सकता है। इसके अलाला अगले साल हिमाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव होने हैं, जहां से केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह बना सकते हैं अनुराग ठाकुर।
वह पहले भी केंद्रीय मंत्रिमंडल का हिस्सा रह चुके हैं। NEET के प्रश्नपत्र लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पिछले लंबे समय से की जा रही है। इस बाबत कोई फैसला लिया जाता है या नहीं, यह भी देखना होगा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल से किसी को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जाता है या नहीं, इसपर भी सभी की नजरें टिकी रहेंगी।