काहिराः लीबिया से निकली एक नाव के पलटने के बाद बड़ी संख्या में प्रवासियों के लापता होने की खबर सामने आई है। संयुक्त राष्ट्र की प्रवासन एजेंसी के मुताबिक इस हादसे में 80 से अधिक लोग अब भी लापता हैं, जबकि कम से कम दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
बताया गया है कि रविवार को उत्तर पश्चिमी लीबिया के ताजौरा शहर से यह नाव करीब 120 लोगों को लेकर रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान खराब मौसम और समुद्र में तेज लहरों के कारण नाव में पानी भरने लगा, जिससे वह पलट गई।
राहत अभियान के दौरान एक व्यापारी जहाज और एक टगबोट ने मिलकर 32 लोगों को बचाया। बाद में इतालवी तटरक्षक बल ने इन लोगों को इटली के दक्षिणी द्वीप लैम्पेडूसा पहुंचाया।
अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में अब तक दो शव भी बरामद किए जा चुके हैं जबकि बाकी लोगों की तलाश जारी है।