पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से लगभग 91 लाख मतदाताओं का नाम हटाया गया है। सोमवार की देर रात को चुनाव आयोग की तरफ से प्रत्येक जिले में हटाए गए मतदाताओं यानी Deleted Voter के नामों की सूची जारी की गयी है। मिली जानकारी के अनुसार जिस समय अंतिम मतदाता सूची जारी हुई थी तब 60 लाख 6 हजार 675 मतदाताओं को विचाराधीन सूची में रखा गया था।
अब उनमें से 27 लाख 16 हजार 393 लोगों का नाम मिटाया जा चुका है। 32 लाख 68 हजार 119 लोग ऐसे हैं जो पहले 'विचाराधीन' सूची में तो थे लेकिन बाद में उन्हें मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया है।
आनंदबाजार की मीडिया रिपोर्ट में चुनाव आयोग के हवाले से बताया गया है कि 28 फरवरी को जो अंतिम मतदाता सूची जारी हुई थी उसमें 63 लाख 66 हजार 952 मतदाताओं का नाम हटाया गया था। अब 'विचाराधीन' सूची से हटाए गए लोगों की संख्या को मिलाकर कुल 90 लाख 83 हजार 345 मतदाताओं का नाम पश्चिम बंगाल SIR के बाद मतदाता सूची से हटा दिया गया है।
Read Also | सुप्रीम कोर्ट ने ट्रिब्यूनल को दी छूट, लेकिन समय सीमा तय नहीं- 27 लाख वोटरों का भविष्य अब भी अधर में
चुनाव आयोग की ओर से बताया गया है कि विचाराधीन सूची में शामिल 60 लाख 6 हजार 675 मतदाताओं में से 59 लाख 84 हजार 512 लोगों के बारे में जानकारियां जारी कर दी गयी है। बाकी बचे 22 हजार 163 मतदाताओं के मामलों का निपटारा तो हो चुका है लेकिन उनपर अभी तक ई-हस्ताक्षर नहीं हुआ है। इस प्रक्रिया के पूरी होने के बाद बताया जाता है कि मतदाता सूची से डिलिटेड लोगों के नामों की संख्या थोड़ी बढ़ेगी।
कब कितने लोगों का नाम हटाया गया?
बता दें, राज्य में SIR की प्रक्रिया शुरू होने से पहले मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 66 लाख 37 हजार 529 थी। SIR की प्रक्रिया के अंतिम पड़ाव में जब मतदाता सूची का मसौदा जारी किया गया था जब 58 लाख 20 हजार 899 लोगों का नाम हटाया गया था। 28 फरवरी को जब अंतिम मतदाता सूची जारी की गयी थी तब 5 लाख 46 हजार 53 लोगों का नाम हटाया गया था। उस समय विचाराधीन सूची में 60 लाख 6 हजार 675 लोगों का नाम रखा गया था।
मुर्शिदाबाद से हटाए गए सबसे ज्यादा नाम
चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार विचाराधीन सूची से सबसे अधिक लोगों के नाम मुर्शिदाबाद से हटाए गए हैं। इस जिले में कुल 4 लाख 55 हजार 137 लोगों का नाम हटाया गया है। अंतिम मतदाता सूची जब जारी किया गया था तब 2 लाख 93 हजार 822 लोगों का नाम हटाया गया था। अब इस जिले के कुल 7 लाख 48 हजार 959 लोगों का नाम हटाया गया है।
वहीं उत्तर 24 परगना जिले से विचाराधीन मतदाताओं में से 3 लाख 25 हजार 666 लोगों का नाम हटाया गया है। अंतिम मतदाता और विचाराधीन मतदाताओं की कुल संख्या को मिलाकर इस जिले के मतदाता सूची से 12 लाख 60 हजार 96 लोगों के नाम हटाए गए हैं। मालदह जिले में विचाराधीन मतदाता और अंतिम मतदाता सूची को मिलाकर कुल 4 लाख 59 हजार 530 लोगों के नाम हटाए गए हैं।
कोलकाता से कितने नाम हटाए गए?
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण कोलकाता से कुल मिलाकर 2 लाख 49 हजार 619 लोगों का नाम हटाया गया है। वहीं उत्तर कोलकाता से 4 लाख 47 लाख 475 लोगों का नाम मतदाता सूची से हटाया गया।