नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के दिग्गज और कराची किंग्स के मौजूदा कप्तान डेविड वॉर्नर एक बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। सिडनी के मारौबरा में पुलिस ने उन्हें ड्रिंक एंड ड्राइव (शराब पीकर गाड़ी चलाने) के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि एक रैंडम ब्रेथ टेस्ट के दौरान पुलिस ने उन्हें रोका। हालांकि, वॉर्नर ने टेस्टिंग साइट तक पहुंचने से पहले ही अपनी कार पार्क कर दी थी लेकिन अधिकारियों ने पास जाकर जब उनकी जांच की तो वे नशे में पाए गए।
पुलिस स्टेशन ले जाने के बाद हुई जांच में वॉर्नर का ब्लड अल्कोहल लेवल 0.104 पाया गया, जो तय सीमा से काफी ज्यादा है। इस मामले में अब उन्हें अगले महीने अदालत के सामने पेश होना होगा। वॉर्नर दरअसल पाकिस्तान सुपर लीग ( पीएसएल ) 2026 के मैचों के बीच मिले खाली समय का फायदा उठाकर ऑस्ट्रेलिया अपने परिवार के पास गए थे। फिलहाल वे कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं और टीम के अगले मैच से पहले उनके वापस पाकिस्तान लौटने की उम्मीद थी।
लीग क्रिकेट खेल रहे हैं वॉर्नर
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी डेविड वॉर्नर का जलवा कम नहीं हुआ है। हाल ही में बिग बैश लीग में सिडनी थंडर के लिए खेलते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। अपनी टीम के खराब सीजन के बावजूद वॉर्नर ने 8 मैचों में 433 रन ठोक दिए थे और उन्हें टूर्नामेंट की आधिकारिक बेस्ट टीम का कप्तान भी चुना गया था।
शानदार रहा है वॉर्नर का करियर
वॉर्नर का क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा है। ऑस्ट्रेलिया के लिए 112 टेस्ट, 161 वनडे और 110 टी20 खेलने वाले इस खिलाड़ी ने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 15,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। इतना ही नहीं, उनकी कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने 2016 में आईपीएल का खिताब भी जीता था। वर्तमान में उनकी अगुवाई में कराची किंग्स पीएसएल की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है और टीम ने लगातार तीन मैच जीते हैं।
क्या समय से पीएसएल में लौट पाएंगे वॉर्नर ?
अब हर किसी की नजरें 9 अप्रैल को होने वाले कराची किंग्स बनाम पेशावर जाल्मी के मुकाबले पर टिकी हैं। सिडनी में हुए इस कानूनी झमेले के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि वॉर्नर समय पर टीम से जुड़ पाते हैं या नहीं। एक महान खिलाड़ी के साथ इस तरह का विवाद जुड़ना निश्चित रूप से उनके फैंस और फ्रेंचाइजी के लिए चिंता का विषय है।